सीएम युवा उद्यमी विकास योजना से वाराणसी के युवाओं को मिली नई पहचान
रोजगार मांगने के बजाय देने का माध्यम बना युवा उद्यमी विकास योजना
वित्तीय वर्ष 2024-25 की तुलना में 2025-26 में ऋण प्राप्त करने वाले युवाओं की संख्या में पांच गुना वृद्धि
वर्ष 2024-25 से लेकर अब तक लाभार्थियों को दी जा चुकी 16.46 करोड़ रुपये की सब्सिडी
वाराणसी। वाराणसी में युवाओं के बीच स्वरोजगार और उद्यमिता की ओर बढ़ता रुझान अब आंकड़ों में भी साफ दिखाई देने लगा है। योगी सरकार की मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना युवाओं के लिए रोजगार मांगने के बजाय रोजगार देने का माध्यम बन रही है। योजना के तहत ब्याज मुक्त और बिना गारंटी ऋण की सुविधा मिलने से बड़ी संख्या में युवा अपना कारोबार शुरू करने के लिए आगे आ रहे हैं। जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र के अनुसार वित्तीय वर्ष 2024-25 की तुलना में 2025-26 में योजना के तहत ऋण प्राप्त करने वाले युवाओं की संख्या में लगभग पांच गुना वृद्धि दर्ज की गई। वर्तमान वित्तीय वर्ष 2026-27 में भी युवाओं का रुझान लगातार बढ़ रहा है और शुरुआती दो महीनों में ही लक्ष्य के अधिकांश लाभार्थियों को ऋण उपलब्ध कराया जा चुका है।
उपायुक्त उद्योग अभिषेक प्रियदर्शी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 से लेकर अब तक वाराणसी से कुल 9,067 आवेदन बैंकों को भेजे गए। इनमें से 4,107 परियोजनाओं को स्वीकृति मिली, जबकि 3,824 युवाओं को कुल 164.65 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया जा चुका है। इसके साथ ही लाभार्थियों को 16.46 करोड़ रुपये की सब्सिडी भी प्रदान की गई है। यह उपलब्धि युवाओं में बढ़ती उद्यमशीलता और सरकार की प्रोत्साहन नीतियों का प्रमाण मानी जा रही है।
सीएम युवा उद्यमी योजना में ,वितरित सब्सिडी व लोन
वित्तीय वर्ष -2024 -25
-प्रोजेक्ट के लिए प्राप्त आवेदन-2722
-लोन वितरित ,प्रोजेक्ट की संख्या -660
-वितरित सब्सिडी - 240.52 लाख
-प्रोजेक्ट की धनराशि - 2405.2 लाख
वित्तीय वर्ष -2025-26
-प्रोजेक्ट के लिए प्राप्त आवेदन-4795
-लोन वितरित ,प्रोजेक्ट की संख्या 2925
-वितरित सब्सिडी -1273.82 लाख
-प्रोजेक्ट की धनराशि - 12738.2 लाख
चालू वित्तीय वर्ष -2026-27
-प्रोजेक्ट के लिए प्राप्त आवेदन-1550
-लोन वितरित ,प्रोजेक्ट की संख्या -239
-वितरित सब्सिडी - 132.25 लाख
-प्रोजेक्ट की धनराशि - 1322.5 लाख
उपायुक्त उद्योग ने बताया कि सरकार इस योजना के लिए 21 से 40 आयु के युवाओं को उद्योग लगाने का मौका दे रही है। इसमें उद्योग और सेवा के क्षेत्र में काम शुरू करने के लिए नियमानुसार 5 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त बिना गारंटी लोन दिया जा रहा है। इस योजना में पहले 6 महीने ईएमआई भरने की भी जरूरत नहीं है। अगर आवेदक चार साल के अंदर 5 लाख रुपये तक के लोन का सफलतापूर्वक भुगतान कर देता है, तो वह 10 लाख रुपये तक का लोन लेने का पात्र हो सकता है। प्रथम चरण में ब्याज मुक्त ऋण के साथ 10% अनुदान तथा द्वितीय चरण में 7.5 लाख तक के ऋण पर 50% ब्याज अनुदान प्राप्त होगा।
वर्जन
सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना ने वाराणसी के युवाओं में आत्मनिर्भरता और उद्यमिता का नया विश्वास जगाया है। बड़ी संख्या में युवा छोटे उद्योग, सेवा क्षेत्र, विनिर्माण इकाइयों और विभिन्न स्वरोजगार गतिविधियों से जुड़कर न केवल अपने लिए रोजगार सृजित कर रहे हैं, बल्कि अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध करा रहे हैं।
अभिषेक प्रियदर्शी
उपायुक्त उद्योग वाराणसी