पीएम के दौरे की तैयारियां परखने आज आएंगे सीएम योगी, परियोजनाओं और कानून व्यवस्था की करेंगे समीक्षा
वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार शाम 5 बजे के बाद अपने दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचेंगे। उनके इस दौरे को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित काशी आगमन की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री यहां विभिन्न विकास परियोजनाओं, कानून-व्यवस्था और तैयारियों की गहन समीक्षा करेंगे।
मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचेंगे और वहां से सीधे सर्किट हाउस जाएंगे। कुछ देर विश्राम के बाद वे अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को लेकर विस्तृत समीक्षा करेंगे। इस बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ भाजपा के जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।
मुख्यमंत्री प्रस्तावित सभा स्थल बीएलडब्ल्यू का स्थलीय निरीक्षण भी करेंगे, जहां प्रधानमंत्री की जनसभा आयोजित होने की संभावना है। इसके अलावा शहर में चल रही केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की प्रगति का आकलन किया जाएगा। शिलान्यास और लोकार्पण के लिए चिह्नित परियोजनाओं की सूची पर भी चर्चा होगी, ताकि कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा सके।
दौरे के दौरान सीएम योगी कानून-व्यवस्था की स्थिति की भी समीक्षा करेंगे और अधिकारियों से फीडबैक लेंगे। जरूरत पड़ने पर वे संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देते हुए कार्रवाई भी कर सकते हैं। इसे देखते हुए सभी विभागों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री अपने प्रवास के दौरान श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन भी करेंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर वाराणसी ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी करते हुए कई मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू किया है, ताकि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।