बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रथम वाराणसी आगमन पर सीएम योगी ने किया स्वागत, कार्यकर्ताओं में उत्साह
वाराणसी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन अपने पदभार ग्रहण करने के बाद मंगलवार को पहली बार प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे। उनके आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया। इस दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी मौजूद रहे। एयरपोर्ट से निकलते ही राष्ट्रीय अध्यक्ष का काफिला कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच शहर की ओर रवाना हुआ।
हवाई अड्डे से उनका काफिला सीधे श्री काशी विश्वनाथ धाम के लिए प्रस्थान किया। रास्ते भर जगह-जगह पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूलमालाओं से उनका भव्य स्वागत किया। सड़कों के किनारे खड़े कार्यकर्ताओं ने नारे लगाकर और हाथ हिलाकर अपने नेता का अभिनंदन किया। पूरे मार्ग में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
पार्टी कार्यकर्ता रजत जायसवाल ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रथम आगमन को लेकर काशी के कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है और सभी उनके स्वागत के लिए लंबे समय से तैयार थे। निर्धारित कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। इसके अलावा वे विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती देखेंगे। कार्यक्रम के बाद उनका काशी में रात्रि विश्राम प्रस्तावित है, जबकि अगले दिन वे विंध्याचल दर्शन पूजन करने जाएंगे।