सीएम योगी ने लोक कल्याण की कामना के साथ बाबा विश्वनाथ और काशी कोतवाल का किया दर्शन, बच्चों से की बात, बांटे चॉकलेट
वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी दौरे के दौरान काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने लोककल्याण और जनसमृद्धि की कामना की। काल भैरव मंदिर में मुख्यमंत्री का बच्चों के प्रति स्नेहपूर्ण व्यवहार भी देखने को मिला।
मुख्यमंत्री सबसे पहले बाबा काल भैरव के दरबार पहुंचे। यहां उन्होंने विधिवत दर्शन-पूजन और आरती कर बाबा का आशीर्वाद लिया। मंदिर परिसर में मौजूद बच्चों से भी उन्होंने आत्मीयता से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने बच्चों को चॉकलेट दी और उनसे बातचीत की। बच्चे भी उत्साह के साथ मुख्यमंत्री से संवाद करते नजर आए।
इसके बाद योगी आदित्यनाथ श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने गर्भगृह में बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया और षोडशोपचार पूजन संपन्न किया। विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर उन्होंने लोककल्याण की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री के दर्शन-पूजन के दौरान मंदिर परिसर में धार्मिक माहौल रहा। काशी के दोनों प्रमुख मंदिरों में उनकी उपस्थिति को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। बाबा काल भैरव और बाबा विश्वनाथ के दरबार में शीश नवाकर मुख्यमंत्री ने काशी की धार्मिक परंपरा के अनुरूप पूजा-अर्चना की।