सीएम योगी ने क्राइम कैपिटल को बनाया विकास का मॉडल, उत्तर प्रदेश की उत्तम प्रदेश के रूप में बनी छवि 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन के अवसर पर शुक्रवार को वाराणसी में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। भाजपा काशी क्षेत्र कार्यालय से लेकर व्यापारिक संगठनों तक, कई स्थानों पर मुख्यमंत्री के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए पूजा-अर्चना, पौधारोपण और मिठाई वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
 

वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन के अवसर पर शुक्रवार को वाराणसी में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। भाजपा काशी क्षेत्र कार्यालय से लेकर व्यापारिक संगठनों तक, कई स्थानों पर मुख्यमंत्री के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए पूजा-अर्चना, पौधारोपण और मिठाई वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए।

रोहनिया स्थित भाजपा काशी क्षेत्र कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप पटेल ने मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने कानून व्यवस्था, सुशासन, आधारभूत संरचना और निवेश के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि कभी अपराध और माफिया गतिविधियों के लिए चर्चित प्रदेश आज विकास और जनकल्याण के मॉडल के रूप में पहचान बना रहा है। उन्होंने बाबा काशी विश्वनाथ से मुख्यमंत्री के स्वस्थ एवं सफल जीवन की कामना की।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर दिलीप पटेल ने सारनाथ स्थित केंद्रीय उच्च तिब्बती अध्ययन संस्थान में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में भाग लिया। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत उन्होंने पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन और सतत विकास के लिए समाज के सभी वर्गों को वृक्षारोपण के प्रति जागरूक होना चाहिए।

उधर, वाराणसी व्यापार मंडल की ओर से भी मुख्यमंत्री का जन्मदिन उत्साहपूर्वक मनाया गया। व्यापार मंडल अध्यक्ष अजीत सिंह बग्गा के नेतृत्व में सिगरा स्थित चनुआ सट्टी के जागृत हनुमान मंदिर में विशेष पूजा, आरती एवं सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और प्रदेश की उन्नति के लिए प्रार्थना की गई।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण एक बालक को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्वरूप में सजाकर मंदिर परिसर में लाना रहा। इसके बाद बच्चों को चॉकलेट वितरित की गई तथा राहगीरों और आमजन के बीच मिठाई बांटकर जन्मदिन की खुशियां साझा की गईं। कार्यक्रमों में भाजपा पदाधिकारियों, व्यापार मंडल के सदस्यों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, महिलाओं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।