दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार को वाराणसी आएंगे सीएम योगी, बाबा विश्वनाथ का लेंगे आशीर्वाद, शिक्षकों के लिए कैशलेस योजना का करेंगे शुभारंभ 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 7 जुलाई मंगलवार की शाम दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी आएंगे। इस दौरान वह धार्मिक, सामाजिक और सरकारी कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के साथ ही शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण योजनाओं की शुरुआत करेंगे।
 

वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 7 जुलाई मंगलवार की शाम दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी आएंगे। इस दौरान वह धार्मिक, सामाजिक और सरकारी कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के साथ ही शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण योजनाओं की शुरुआत करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री 7 जुलाई की शाम 6:05 बजे श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर बाबा विश्वनाथ के दर्शन एवं पूजन करेंगे। इसके बाद वह रोहनिया स्थित होटल में प्रदेश सरकार के मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' के पुत्र के विवाह समारोह में शामिल होंगे। विवाह समारोह के उपरांत मुख्यमंत्री शाम 7:10 बजे सर्किट हाउस पहुंचेंगे, जहां वह रात्रि विश्राम करेंगे।

8 जुलाई की सुबह मुख्यमंत्री सर्किट हाउस से चांदमारी स्थित अंतरराष्ट्रीय हस्तकला संकुल के लिए रवाना होंगे। सुबह 10 बजे से 11 बजे तक आयोजित कार्यक्रम में वह प्रदेश के बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षकों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा योजना का शुभारंभ करेंगे। इस योजना के माध्यम से शिक्षकों को उपचार के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

इसी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के जरिए प्रदेश के करीब 1.10 करोड़ छात्र-छात्राओं के अभिभावकों के बैंक खातों में धनराशि भी हस्तांतरित करेंगे। कार्यक्रम के समापन के बाद मुख्यमंत्री पुलिस लाइन हेलिपैड से राजकीय हेलिकॉप्टर से विंध्याचल मिर्जापुर के लिए रवाना होंगे।