नमो घाट पहुंचकर सीएम योगी ने परखी एयर शो की तैयारियां, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के बाबत दिए निर्देश
वाराणसी। भारतीय वायुसेना के एयर शो को लेकर चल रही तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को नमो घाट पहुंचे। उन्होंने आयोजन स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने एयर शो के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और आमजन की सुविधाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने आयोजन से संबंधित तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही न हो। बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए भीड़ प्रबंधन, वाहनों की आवाजाही और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही, आम लोगों को एयर शो देखने के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए जरूरी इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।
गंगा के आसमान में दिखा वायुसेना का शौर्य
वाराणसी में भारतीय वायुसेना के एयर शो को लेकर लोगों में खासा उत्साह है। गंगा के ऊपर राफेल और सुखोई जैसे लड़ाकू विमानों की गर्जना और हवाई करतबों ने काशीवासियों का ध्यान आकर्षित किया है। नमो घाट से अस्सी घाट तक गंगा के आसमान में विमानों का प्रदर्शन लोगों के लिए रोमांच का केंद्र बना हुआ है।
एयर शो के आयोजन को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं पर सतत निगरानी रखने और संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि दर्शकों को सुरक्षित वातावरण में इस भव्य हवाई प्रदर्शन को देखने का अवसर मिल सके।