वाराणसी में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ करेंगे सीएम योगी, रुद्राक्ष में जुटेंगी 1100 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आला अधिकारियों ने देखी तैयारी
वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 9 सितंबर को वाराणसी के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह सिगरा स्थित रुद्राक्ष इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा एवं तैयारियों का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह करीब 11 बजे रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर पहुंचेंगे। कार्यक्रम में वाराणसी समेत विभिन्न क्षेत्रों से करीब 1100 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शामिल होंगी। इस दौरान मुख्यमंत्री आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी करेंगे। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री के आगमन से पहले मंगलवार की शाम पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के साथ ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्ग, कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं और अन्य तैयारियों को परखा। मुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर पुलिस की ओर से भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी, केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर और प्रदेश की महिला कल्याण, बाल विकास एवं पोषण मंत्री बेबी रानी मौर्य भी मौजूद रहेंगी। इसके अलावा केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा पोषण अभियान से जुड़े लाभार्थी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
राष्ट्रीय पोषण माह के शुभारंभ के अवसर पर पोषण से जुड़े विभिन्न विषयों और योजनाओं को लेकर जागरूकता पर जोर दिया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं और बच्चों के पोषण स्तर में सुधार तथा आंगनबाड़ी सेवाओं को प्रभावी बनाने से जुड़े प्रयासों को भी गति देने का संदेश दिया जाएगा। जिला प्रशासन के अनुसार मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सभी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के साथ कार्यक्रम स्थल पर आने वाले लोगों की सुविधा को भी ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं की जा रही हैं।