वाराणसी पहुंचे सीएम योगी, पीएम के आगमन की तैयारियों की करेंगे समीक्षा, बाबा विश्वनाथ का लेंगे आशीर्वाद
वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार शाम अपने दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे। सीएम प्रधानमंत्री के आगमन के मद्देजनर तैयारियों की समीक्षा करेंगे। वहीं बाबा विश्वनाथ और कालभैरव मंदिर में दर्शन पूजन कर आशीर्वाद लेंगे। सीएम के आगमन के मद्देनजर प्रशासन अलर्ट है।
मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचे। वहां से सीधे सर्किट हाउस के लिए रवाना हुए। कुछ देर विश्राम के बाद वे अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को लेकर विस्तृत समीक्षा करेंगे। इस बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ भाजपा के जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।
मुख्यमंत्री प्रस्तावित सभा स्थल बीएलडब्ल्यू का स्थलीय निरीक्षण भी करेंगे, जहां प्रधानमंत्री की जनसभा आयोजित होने की संभावना है। इसके अलावा शहर में चल रही केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की प्रगति का आकलन किया जाएगा। शिलान्यास और लोकार्पण के लिए चिह्नित परियोजनाओं की सूची पर भी चर्चा होगी, ताकि कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा सके। मुख्यमंत्री श्री काशी विश्वनाथ और काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन भी करेंगे।