बनारस में नकली दवाओं का सुराग, हिमाचल के सोलन तक पहुंची जांच, यूपीएफएसडीए और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़

उत्तर प्रदेश में नकली दवाओं के कारोबार के खिलाफ योगी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने एक बड़ी संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया है। वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र में नकली और काउंटरफिट दवाओं का स्टॉक पकड़े जाने के बाद जांच की कड़ियां उत्तर प्रदेश से निकलकर हिमाचल प्रदेश तक पहुंचीं। इसके बाद यूपी एफएसडीए की विशेष टीम और एसटीएफ ने हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में अवैध रूप से संचालित दवा निर्माण इकाई पर संयुक्त छापा मारा। वाराणसी, मुरादाबाद और लखनऊ में हुई औषधि निरीक्षण एवं जांच की कार्रवाई से मिले तथ्यों के आधार पर मैन्युफैक्चरिंग स्रोत की पड़ताल को आगे बढ़ाया जा रहा है।
 

वाराणसी के रोहनिया में नकली और संदिग्ध दवाओं की बरामदगी के बाद हिमाचल प्रदेश के सोलन में मैन्युफैक्चरिंग यूनिट पर छापा, मौके पर चल रहा था दवाओं के निर्माण का खेल

एंटीबायोटिक, न्यूरो मेडिसिन और एसिडिटी की महंगी ब्रांडेड दवाओं की हो रही थी नकल, पैकेजिंग से लेकर प्रिंटिंग तक के उपकरण बरामद

कमिश्नर एफएसडीए के पर्यवेक्षण में आगे बढ़ी जांच, 17 प्रकार की दवाओं के नेटवर्क की पड़ताल में जुटी टीमें

लखनऊ, 18 नवंबर। उत्तर प्रदेश में नकली दवाओं के कारोबार के खिलाफ योगी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने एक बड़ी संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया है। वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र में नकली और काउंटरफिट दवाओं का स्टॉक पकड़े जाने के बाद जांच की कड़ियां उत्तर प्रदेश से निकलकर हिमाचल प्रदेश तक पहुंचीं। इसके बाद यूपी एफएसडीए की विशेष टीम और एसटीएफ ने हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में अवैध रूप से संचालित दवा निर्माण इकाई पर संयुक्त छापा मारा। वाराणसी, मुरादाबाद और लखनऊ में हुई औषधि निरीक्षण एवं जांच की कार्रवाई से मिले तथ्यों के आधार पर मैन्युफैक्चरिंग स्रोत की पड़ताल को आगे बढ़ाया जा रहा है।

मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वालों पर शिकंजा

नकली दवाओं का कारोबार केवल आर्थिक अपराध नहीं, बल्कि सीधे तौर पर आम नागरिकों और मरीजों की जिंदगी से जुड़ा गंभीर मामला है। विशेष रूप से एंटीबायोटिक और न्यूरो मेडिसिन जैसी दवाओं की गुणवत्ता, वास्तविकता और प्रभावशीलता से समझौता मरीजों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। इसी क्रम में जांच के दौरान वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र में नकली एवं काउंटरफिट दवाओं का स्टॉक पकड़ा गया था। इस प्रकरण में कुल 17 प्रकार की दवाओं की पहचान हुई। बरामद दवाओं के निर्माण स्रोत का पता लगाने के लिए कमिश्नर एफएसडीए डॉ रोशन जैकब के पर्यवेक्षण में जांच को आगे बढ़ाया गया। इसके अंतर्गत हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन की तहसील नालागढ़ स्थित राजपुरा, खेड़ा बाईपास में संदिग्ध अवैध मैन्युफैक्चरिंग यूनिट को चिह्नित किया गया। यूपी एफएसडीए की विशेष टीम और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने यहां छापा मारा तो यूनिट संचालित अवस्था में मिली। मौके पर महंगी और अधिक मांग वाली ब्रांडेड दवाओं के निर्माण की गतिविधियां सामने आईं। इससे जांच का दायरा केवल दवाओं के भंडारण और वितरण तक सीमित न रहकर उनके उत्पादन स्थल तक पहुंच गया।

नामी कंपनियों की लोकप्रिय दवाएं थीं निशाने पर

छापेमारी के दौरान यूनिट में कई ऐसी दवाओं के निर्माण से जुड़ी गतिविधियां सामने आईं, जिनकी बाजार में अच्छी मांग और ऊंची बिक्री कीमत है। इनमें प्रमुख रूप से Pan-D Capsules (एसिडिटी एवं पेट संबंधी समस्याओं में इस्तेमाल होने वाली दवा), Pressiz-300 Capsules / Pregabalin (न्यूरो श्रेणी की दवा) C-AZ – Cefixime और Azithromycin आधारित एंटीबायोटिक, A-Cipex-625 – Amoxycillin और Potassium Clavulanate आधारित एंटीबायोटिक Neuro-300 – Pregabalin आधारित दवा के अलावा अन्य दवाओं के निर्माण से संबंधित सामग्री भी मौके पर मिली। इनमें 
जीरोडोल एसपी, मॉन्टिना एल, रेबिसेक एल एस, क्लैवेम 625, शेलकॉल 500, टैक्सिम ओ 200 समेत अन्य दवाएं शामिल हैं। ये ऐसे उत्पाद हैं जिनकी बाजार में पहचान और मांग का लाभ उठाकर कथित तौर पर अवैध निर्माण एवं आपूर्ति का नेटवर्क संचालित किया जा रहा था। बरामदगी और दवाओं की वास्तविक गुणवत्ता एवं प्रामाणिकता से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।

फैक्ट्री में मिली पूरी मैन्युफैक्चरिंग और पैकेजिंग व्यवस्था

संयुक्त टीम को यूनिट में दवाओं के निर्माण और पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली मशीनें एवं उपकरण मिले। इनमें ब्लिस्टर पैकिंग मशीन, एल्यूमिनियम-एल्यूमिनियम (Alu-Alu) पैकिंग मशीन, कैप्सूल फिलिंग मशीन, वजन मापने वाली मशीनें, दवाओं की छपाई में इस्तेमाल होने वाली प्रिंटेड फॉइल और स्टीरियो प्रिंटिंग उपकरण शामिल हैं। इन उपकरणों की मौजूदगी से स्पष्ट हुआ कि यूनिट में केवल दवाओं का भंडारण नहीं, बल्कि उत्पादन से लेकर पैकेजिंग और ब्रांडेड पैक तैयार करने तक की व्यवस्था मौजूद थी। जांच एजेंसियां अब इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि यहां तैयार होने वाली दवाओं की आपूर्ति किन राज्यों, शहरों और दवा कारोबारियों तक की जा रही थी।

तीन जिलों की जांच से खुली अंतरराज्यीय नेटवर्क की कड़ी

इस पूरे प्रकरण में वाराणसी, मुरादाबाद और लखनऊ में हुई कार्रवाई एवं औषधि निरीक्षण की विशेष भूमिका रही। इन जिलों में सामने आए संदिग्ध दवाओं के मामलों की जांच के दौरान उनके निर्माण स्रोत तक पहुंचने के लिए कड़ियां जोड़ी गईं। कमिश्नर एफएसडीए के पर्यवेक्षण में जांच को आगे बढ़ाते हुए हिमाचल प्रदेश तक संयुक्त टीम भेजी गई।वाराणसी के रोहनिया में 17 प्रकार की दवाओं का स्टॉक पकड़े जाने से शुरू हुई पड़ताल अब सोलन की अवैध मैन्युफैक्चरिंग यूनिट तक पहुंच चुकी है। इससे नकली और संदिग्ध दवाओं के कारोबार के पीछे सक्रिय अंतरराज्यीय नेटवर्क की जांच को नई दिशा मिली है।