अस्सी घाट पर नारी शक्ति का स्वच्छता संकल्प, पीएम के अभियान में बनीं सहभागी
वाराणसी। अस्सी घाट पर रविवार को नारी शक्ति ने स्वच्छता अभियान को नई ऊर्जा प्रदान करते हुए जनजागरूकता का संदेश दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए नमामि गंगे और महिला भूमिहार समाज की महिलाओं ने घाट पर व्यापक सफाई अभियान चलाया और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान घाट परिसर “स्वच्छता को संस्कार बनाएं” के उद्घोष से गूंज उठा। नमामि गंगे के स्वयंसेवकों और महिला समूहों ने मिलकर गंगा तट पर फैली पॉलिथीन, कपड़े, तस्वीरें और अन्य कचरे को हटाया, जिससे घाट की स्वच्छता में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला। इस दौरान मौजूद लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई और सभी से इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया गया।
अभियान में संत अतुलानंद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। युवाओं ने स्वच्छता संबंधी स्लोगन लिखी तख्तियों के माध्यम से लोगों को प्रेरित किया और घाट पर जागरूकता का वातावरण बनाया। कार्यक्रम के अंत में मां गंगा की आरती कर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दोहराया गया।
नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री के स्वच्छता आह्वान को देशभर में व्यापक समर्थन मिला है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता विकसित और आत्मनिर्भर भारत की आधारशिला है और इसमें महिलाओं की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
महिला भूमिहार समाज की अध्यक्ष डॉ. राजलक्ष्मी राय ने कहा कि “गंदगी है तो बीमारी है, सफाई है तो स्वास्थ्य है।” उन्होंने स्वच्छता को स्वस्थ और समृद्ध भारत के निर्माण की कुंजी बताते हुए सभी से इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की। इस अवसर पर पूनम सिंह, पुष्पा सिंह, डॉ. मंजुला चौधरी, प्राची राय, चंद्रकला, वंदना, संध्या राय, प्रतिमा राय, सोनी राय सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।