मांडवी तालाब पर चला स्वच्छता अभियान, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने किया पौधारोपण और श्रमदान
वाराणसी। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के मंडुआडीह स्थित मांडवी तालाब पर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को समर्पित विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों के साथ श्रमदान कर स्वच्छता अभियान में सहभागिता की।
केंद्रीय मंत्री ने झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया और तालाब परिसर की साफ-सफाई में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा एक सामाजिक दायित्व है। स्वच्छ भारत का सपना तभी साकार होगा जब प्रत्येक नागरिक अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने का संकल्प लेगा।
कार्यक्रम के दौरान “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण भी किया गया। पंकज चौधरी ने पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बढ़ते पर्यावरणीय संकट और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण बेहद आवश्यक है। पौधे न केवल पर्यावरण को संतुलित रखते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य का आधार भी बनते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप मिला है। “एक पेड़ माँ के नाम” जैसे अभियान समाज में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का भाव विकसित कर रहे हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाने और उसकी देखभाल करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल, जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, विधायक नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, महापौर अशोक तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने स्वच्छता और हरित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।