बीएचयू के छात्र गुटों में टकराव, सीर गेट पर जमकर पथराव, इलाके में दहशत, बंद हुईं दुकानें

बीएचयू से जुड़े दो छात्र गुटों के बीच गुरुवार देर शाम लंका थाना क्षेत्र के सीर गेट पर खूनी संघर्ष हो गया। मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट, लात-घूंसे और ईंट-पत्थर चलने लगे। अचानक हुए इस बवाल से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जबकि कई दुकानदारों ने भय के चलते अपनी दुकानें बंद कर दीं।
 

वाराणसी। बीएचयू से जुड़े दो छात्र गुटों के बीच गुरुवार देर शाम लंका थाना क्षेत्र के सीर गेट पर खूनी संघर्ष हो गया। मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट, लात-घूंसे और ईंट-पत्थर चलने लगे। अचानक हुए इस बवाल से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जबकि कई दुकानदारों ने भय के चलते अपनी दुकानें बंद कर दीं।

सीर गेट स्थित एक चाय की दुकान पर चार युवक पहले से बैठे हुए थे और आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान करीब दस युवक कई मोटरसाइकिलों से वहां पहुंचे। किसी पुरानी रंजिश या आपसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही मिनटों में विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों गुट आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बाइक से पहुंचे युवकों ने पहले हमला किया, जिसके बाद दूसरे पक्ष ने भी जवाबी हमला कर दिया। देखते ही देखते सड़क रणक्षेत्र में बदल गई। दोनों ओर से लात-घूंसे चलने लगे और फिर सड़क किनारे पड़े ईंट-पत्थरों से हमला शुरू हो गया। पथराव के दौरान आसपास खड़े लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। कुछ वाहन चालक भी अचानक हुए हंगामे से घबरा गए।

घटना की सूचना मिलते ही लंका थाने की पुलिस मौके के लिए रवाना हुई, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों पक्षों के युवक वहां से फरार हो चुके थे। हालांकि, घटना के बाद इलाके में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की।

सूत्रों के अनुसार, मारपीट में शामिल दोनों गुट बीएचयू के छात्र बताए जा रहे हैं। हालांकि देर रात तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई थी। लंका थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर मारपीट में शामिल युवकों की पहचान की जाएगी। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।