बाबतपुर एयरपोर्ट पर CISF की बड़ी कार्रवाई, विदेशी यात्री के पास मिला प्रतिबंधित बारहसिंगा का सींग
वाराणसी। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता से वन्यजीव तस्करी का एक गंभीर मामला सामने आया है। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों ने एक विदेशी नागरिक के बैग से प्रतिबंधित बारहसिंगा का सींग बरामद कर उसे हिरासत में ले लिया।
आरोपी विदेशी यात्री दमित्री ब्रेकिन एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या IX-215 से वाराणसी से बैंकॉक जाने की तैयारी में था। यह विमान दोपहर 12:35 बजे प्रस्थान कर शाम 6:05 बजे बैंकॉक पहुंचता है। उड़ान से पहले की नियमित सुरक्षा जांच के दौरान CISF कर्मियों को यात्री के सामान में कुछ संदिग्ध प्रतीत हुआ।
एक्स-रे स्कैनिंग के दौरान बैग में असामान्य वस्तु दिखाई देने पर अधिकारियों ने तुरंत विस्तृत तलाशी ली। जांच के दौरान बैग से बारहसिंगा का सींग बरामद हुआ, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। बरामदगी के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तत्परता दिखाते हुए यात्री को तत्काल हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस और वन विभाग को दी गई। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने बरामद सींग को अपने कब्जे में ले लिया और आगे की कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक जांच में यह मामला वन्यजीव तस्करी से जुड़ा माना जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत बारहसिंगा जैसे संरक्षित वन्यजीवों के अंगों का परिवहन और व्यापार पूरी तरह प्रतिबंधित है। ऐसे मामलों में कड़ी कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है।