चांदी लूटकांड में चौक पुलिस को बड़ी सफलता, 6.950 किलो चांदी के साथ इरानी गैंग का सदस्य गिरफ्तार

चौक थाना पुलिस ने चांदी लूट के मामले में कार्रवाई करते हुए कथित इरानी गैंग के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से लूट की गई चांदी की सात बटिया बरामद की हैं, जिनका कुल वजन 6.950 किलोग्राम बताया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी रविवार, 9 अगस्त 2026 को मालगोदाम, इंग्लिशिया लाइन क्षेत्र से की गई।
 

वाराणसी। चौक थाना पुलिस ने चांदी लूट के मामले में कार्रवाई करते हुए कथित इरानी गैंग के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से लूट की गई चांदी की सात बटिया बरामद की हैं, जिनका कुल वजन 6.950 किलोग्राम बताया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी रविवार, 9 अगस्त 2026 को मालगोदाम, इंग्लिशिया लाइन क्षेत्र से की गई।

पुलिस के अनुसार, पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुखबिर की सूचना और इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से मिली जानकारी के आधार पर कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रशान्त जेवियर तिर्की (24) पुत्र जोसेफ तिर्की, निवासी जमीरा, पोस्ट रोल, थाना चंदवा, जिला लातेहार, झारखंड के रूप में हुई है।

मामला 17 जुलाई 2026 का है। पुलिस के मुताबिक, हेमा ज्वेलर्स, सुड़िया से कर्मचारी करीब 27 किलो 327 ग्राम वजन की चांदी की 26 बटियां लेकर महालक्ष्मी ज्वेलर्स, रेशम कटरा जा रहे थे। इसी दौरान गोविंदपुरा मोड़ के पास अज्ञात बदमाशों ने चांदी लूट ली और फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद चौक थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।

जांच के दौरान पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई। रविवार को मालगोदाम, इंग्लिशिया लाइन के पास उसे गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से लूट की सात बटिया चांदी बरामद हुईं। बरामद चांदी का वजन 6.950 किलोग्राम है।

पुलिस ने मामले में थाना चौक पर मुकदमा संख्या 125/2026 के तहत धारा 309(4), 61(2), 317(2) और 111 बीएनएस में कार्रवाई दर्ज की है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर पुलिस लूटकांड में शामिल अन्य आरोपियों और शेष चांदी की बरामदगी के प्रयास में जुटी है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक प्रकाश सिंह चौहान, हिमांशू मिश्रा, प्रणव पांडेय सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।