चौक और राजातालाब एसओ लाइनहाजिर, कई थाना प्रभारी इधर से उधऱ, पुलिस आयुक्त ने 9 निरीक्षक-उपनिरीक्षकों का किया तबादला, एसीपी भी बदले
वाराणसी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने क्राइम मीटिंग में पुलिस अधिकारियों व थानाध्यक्षों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। इस दौरान लापरवाही पर चौक एसओ दिलीप कुमार मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक राजातालाब दयाराम को लाइन हाजिर कर दिया। वहीं फूलपुर एसओ राजीव कुमार सिंह को स्थानांतरणाधीन होने के चलते कार्यमुक्त किया गया। पुलिस आयुक्त ने 9 निरीक्षक-उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। वहीं एसीपी कैंट अपूर्व पांडेय को एसीपी साइबर क्राइम बनाया गया है। उनके स्थान पर अवकाश से वापस आने पर प्रज्ञा पाठक को एसीपी कैंट की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रभारी निरीक्षक मंडुवाडीह रहे अजय राज वर्मा को प्रभारी निरीक्षक फूलपुर बनाया गया है। वहीं प्रभारी निरीक्षक चेतगंज विजय कुमार शुक्ला को प्रभारी निरीक्षक चौक बनाया गया है। इसी तरह थानाध्यक्ष लोहता दिगंबर उपाध्याय को थानाध्यक्ष मंडुवाडीह, चौकी प्रभारी रमना उपनिरीक्षक पवन पांडेय को थानाध्यक्ष चेतगंज बनाया गया है। मीडिया सेल के प्रभारी रहे उपनिरीक्षक अभिजीत सिंह को थानाध्यक्ष लोहता और रोहनिया थाना में तैनात उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार को थानाध्यक्ष राजातालाब बनाया गया है।
एसीपी भी बदले
पुलिस आयुक्त ने सहायक पुलिस आयुक्त कैंट अपूर्ण पांडेय को सहायक पुलिस आयुक्त साइबर क्राइम की जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं अवकाश से वापस आने पर प्रज्ञा पाठक को एसीपी कैंट बनाया गया है।
पुलिस आयुक्त ने माहतों को दिए सख्त निर्देश
पुलिस आयुक्त ने कहा कि लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण किया जाएगा। महिला संबंधी अपराधों में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लूट और चेन स्नेचिंग की घटनाओं का प्रभावी तरीके से अनावरण किया जाए। उन्होंने मातहतों से कहा कि आसपास के दूसरे जनपद में घटित होने वाली आपराधिक घटनाओं और अपराधियों पर भी नजर रखी जाए। खासतौर से ऐसे अपराधियों की निगरानी की जाए जो एक जिले से दूसरे अथवा एक थाने से दूसरे थानाक्षेत्रों में अपराध करते हैं। उन्होंने साइबर क्राइम और वित्तीय फ्रॉड के मामलों को भी गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। कहा कि ऐसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए फ्रॉड की गई धनराशि वापस दिलाने का प्रयास किया जाए।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू रहनी चाहिए। सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुगम बनाए रखने का कार्य करें। सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाए। कहा कि जिस थाना क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था खराब पाई गई, उन थाना क्षेत्रों में थाना प्रभारी की जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी।
उन्होंने मैनपावर के बेहतर प्रबंधन, स्कूल, कोचिंग संस्थानों और हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा पर जोर दिया। कहा कि सभी स्थानों पर सीसीटीवी क्रियाशील होने चाहिए। थानों में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद नहीं होने चाहिए। यदि सीसीटीवी खराब होता है तो तत्काल उसकी मरम्मत कराई जाए। हर एफआईआर व गुमशुदगी की एसीपी स्तर से समीक्षा की जाए। उन्होंने जनता के साथ अच्छा व्यवहार करने और आगामी त्योहारों को लेकर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। मीटिंग में अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, आलोक प्रियदर्शी समेत राजपत्रित अधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।