चोलापुर के युवक ने प्रेम प्रसंग में निराश होकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया आत्महत्या करने की बात, तुरंत एक्टिव हुई पुलिस, 17 मिनट में पहुंचकर बचा लिया
वाराणसी। सोशल मीडिया पर डाले गए एक आत्महत्या संबंधी पोस्ट ने 19 वर्षीय युवक की जान बचा ली। मेटा कंपनी के अलर्ट पर सक्रिय हुई पुलिस ने महज 17 मिनट में मौके पर पहुंचकर युवक को जहर पीने से रोक लिया।
इंस्टाग्राम पोस्ट से मिला अलर्ट
जानकारी के अनुसार, थाना चोलापुर क्षेत्र के एक युवक ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा—“आज आखिरी रात है मेरी, कोई कॉल मत करना क्योंकि मैं जहर खा लिया।”
इस पोस्ट को गंभीरता से लेते हुए Meta ने तुरंत अलर्ट जारी किया, जो उत्तर प्रदेश पुलिस तक पहुंचा।
17 मिनट में मौके पर पहुंची पुलिस
अलर्ट मिलते ही वाराणसी पुलिस के सोशल मीडिया सेल ने युवक की लोकेशन ट्रेस कर थाना चोलापुर पुलिस को सूचित किया।
उपनिरीक्षक अवनीश मिश्रा और आरक्षी विकास शर्मा मात्र 17 मिनट के भीतर युवक के घर पहुंच गए और तत्काल कार्रवाई करते हुए उसकी जान बचाई।
जहर पीने की कोशिश, समय रहते रोका
पुलिस जब मौके पर पहुंची तो युवक एक ग्लास में कीटनाशक घोलकर पी रहा था। पास में कीटनाशक का खाली पैकेट भी मिला।
पुलिस कर्मियों ने तुरंत ग्लास छीनकर युवक को जहर पीने से रोका और परिजनों की मदद से प्राथमिक उपचार कराया, जिससे उसकी हालत सामान्य हो सकी।
प्रेम प्रसंग में था अवसाद
पूछताछ में युवक ने बताया कि वह मजदूरी करता है और एक लड़की से प्रेम करता था, लेकिन बातचीत बंद होने के कारण वह मानसिक तनाव में आ गया था। इसी अवसाद में उसने आत्महत्या का कदम उठाने की कोशिश की।
काउंसलिंग से बदला निर्णय
पुलिस ने युवक की काउंसलिंग कर उसे समझाया, जिसके बाद उसने भविष्य में ऐसा कदम न उठाने का आश्वासन दिया।
परिजनों ने समय पर पहुंचकर जान बचाने के लिए वाराणसी पुलिस का आभार जताया।
मेटा और पुलिस की संयुक्त व्यवस्था
गौरतलब है कि वर्ष 2022 से उत्तर प्रदेश पुलिस और मेटा कंपनी के बीच एक विशेष व्यवस्था लागू है। इसके तहत फेसबुक या इंस्टाग्राम पर आत्महत्या से संबंधित पोस्ट मिलने पर तुरंत पुलिस को अलर्ट भेजा जाता है, जिससे समय रहते कार्रवाई संभव हो पाती है।