जनरल स्टोर की आड़ में चल रहा था गांजे का कारोबार, चितईपुर पुलिस ने आरोपी को दबोचा 

भेलूपुर सर्किल में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार की तत्परता और प्रभावी रणनीति के चलते चितईपुर थाना क्षेत्र में जनरल स्टोर की आड़ में संचालित गांजा बिक्री के अवैध कारोबार का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने मौके से करीब डेढ़ किलो गांजा बरामद करते हुए एक आरोपी को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ के साथ ही विधिक कार्रवाई में जुटी रही। 
 

वाराणसी। भेलूपुर सर्किल में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार की तत्परता और प्रभावी रणनीति के चलते चितईपुर थाना क्षेत्र में जनरल स्टोर की आड़ में संचालित गांजा बिक्री के अवैध कारोबार का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने मौके से करीब डेढ़ किलो गांजा बरामद करते हुए एक आरोपी को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ के साथ ही विधिक कार्रवाई में जुटी रही। 

एसीपी को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि चितईपुर थाना क्षेत्र के आदित्य नगर, सुंदरपुर स्थित एक जनरल स्टोर से लंबे समय से गांजे की बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसीपी ने तत्काल चितईपुर पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए।

निर्देश मिलते ही पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मौके पर पहुंचकर दुकान की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण आरोपी को किसी प्रकार का मौका नहीं मिल सका। तलाशी के दौरान दुकान से लगभग 100 पुड़िया गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन करीब डेढ़ किलोग्राम बताया जा रहा है।

पुलिस ने मौके से दुकान संचालक अजीत कुमार को हिरासत में लिया है। पूछताछ में पता चला कि अजीत कुमार मूल रूप से बलिया जनपद का निवासी है और वर्तमान में सुंदरपुर क्षेत्र में जनरल स्टोर संचालित कर रहा था। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वह स्वयं गांजे की बिक्री करता था या उसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क भी सक्रिय है।