मुख्यमंत्री पहुंचे वाराणसी, जनकल्याण महाकुंभ, विकास समीक्षा और विज्ञान अधिवेशन में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार शाम अपने दो दिवसीय दौरे पर काशी पहुंचे। दौरे के दौरान वह सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विभिन्न विकास परियोजनाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का जायजा लेंगे। साथ ही केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित जनकल्याण योजनाओं के महाकुंभ कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा करेंगे।
वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार शाम अपने दो दिवसीय दौरे पर काशी पहुंचे। दौरे के दौरान वह सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विभिन्न विकास परियोजनाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का जायजा लेंगे। साथ ही केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित जनकल्याण योजनाओं के महाकुंभ कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा करेंगे।
शुक्रवार शाम चौकाघाट स्थित गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल में विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी एवं शिविर का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री यहां विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं प्रमाण पत्र वितरित करेंगे। उनके काल भैरव मंदिर और श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन करने की भी संभावना है।
गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल में कृषि, उद्यान, पर्यटन, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, श्रम, हथकरघा, मत्स्य, पशुपालन, डेयरी, पंचायती राज, मुख्यमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, कौशल विकास मिशन और नेडा सहित कई विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। ‘एक जनपद एक व्यंजन’ के तहत बनारस की प्रसिद्ध लस्सी, तिरंगा बर्फी, लौंगलता और पान का प्रदर्शन होगा, जबकि ‘एक जिला एक उत्पाद’ योजना के अंतर्गत लकड़ी के खिलौने और गुलाबी मीनाकारी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग, नेत्र परीक्षण, दिव्यांग चिकित्सा बोर्ड, सामान्य चिकित्सा एवं एनसीडी स्क्रीनिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। आयुष्मान भारत योजना से संबंधित सहायता के लिए आयुष्मान मित्र भी मौजूद रहेंगे। शनिवार को मुख्यमंत्री काशी हिंदू विश्वविद्यालय में विज्ञान भारती के 7वें राष्ट्रीय अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जिसमें देश-विदेश से लगभग 1200 वैज्ञानिक, शोधकर्ता, शिक्षाविद और विशेषज्ञ भाग लेंगे।