मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त ने बरेका का किया निरीक्षण, रेल इंजनों की गुणवत्ता और संरक्षा देखी

मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त जनक कुमार गर्ग ने शुक्रवार को बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान यहां निर्मित रेल इंजनों की गुणवत्ता और संरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। लोको निर्माण की उन्नत प्रणाली, गुणवत्ता नियंत्रण तंत्र और सुरक्षा मानकों की प्रत्यक्ष समीक्षा की।
 

वाराणसी। मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त जनक कुमार गर्ग ने शुक्रवार को बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान यहां निर्मित रेल इंजनों की गुणवत्ता और संरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। लोको निर्माण की उन्नत प्रणाली, गुणवत्ता नियंत्रण तंत्र और सुरक्षा मानकों की प्रत्यक्ष समीक्षा की।

कारखाना पहुंचने पर मुख्य विद्युत इंजीनियर अरविंद कुमार जैन ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त ने लोको फ्रेम शॉप, लोको असेंबली शॉप, ट्रक मशीन शॉप और लोको टेस्ट शॉप का क्रमवार निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण प्रक्रिया के विभिन्न चरणों को देखा तथा गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के अनुपालन की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर सुशील कुमार श्रीवास्तव ने बरेका में निर्मित विभिन्न प्रकार के इंजनों, अत्याधुनिक तकनीक, उच्च गुणवत्ता मानकों और अपनाए जा रहे सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि उत्पादन प्रक्रिया में अंतरराष्ट्रीय मानकों का पालन किया जाता है और प्रत्येक इंजन को कड़े परीक्षणों से गुजरना पड़ता है।

इस अवसर पर प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल तथा प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।