नहाय-खाय के साथ छठ पूजा की शुरुआत, शनिवार से 36 घंटे का निर्जला व्रत
गंगा घाटों पर उमड़ी व्रतियों की भीड़, वेदियों पर जलाए दीप, सूर्यदेव की आराधना के लिए घरों में तैयारियां
महिलाओं ने गंगा स्नान के बाद घरों में शुद्धता के साथ तैयार किया कद्दू-भात और लौकी की सब्जी
शनिवार को खरना के बाद शुरू होगा निर्जला व्रत, घाटों पर वेदियों को अंतिम रूप देने में जुटे श्रद्धालु
वाराणसी। लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। सुबह से ही गंगा घाटों पर व्रती महिलाओं और पुरुषों की भीड़ जुटी रही। श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर भगवान सूर्य की आराधना की और छठी मइया से परिवार की सुख-समृद्धि एवं संतान की दीर्घायु की कामना की। स्नान के बाद घरों में शुद्धता और पवित्रता के साथ कद्दू-भात तथा लौकी की सब्जी तैयार की गई। व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण कर चार दिवसीय अनुष्ठान का संकल्प लिया। घाटों के किनारे पहले से बनाई गई वेदियों पर दीप जलाकर पूजा-अर्चना की गई।
छठ पर्व में नहाय-खाय का विशेष महत्व है। इस दिन व्रती महिलाएं और पुरुष सुबह गंगा स्नान कर अपने घरों में साफ-सफाई करते हैं। इसके बाद पूरी शुद्धता के साथ सात्विक भोजन तैयार किया जाता है। भोजन में मुख्य रूप से कद्दू-भात, चने की दाल और लौकी की सब्जी बनाई जाती है। मान्यता है कि नहाय-खाय से शुरू होने वाला यह अनुष्ठान शरीर और मन की शुद्धता के साथ सूर्यदेव तथा छठी मइया की आराधना का संकल्प दिलाता है।
खरना के बाद शुरू होगा निर्जला व्रत
छठ महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना की परंपरा निभाई जाएगी। व्रती दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को पूजा-अर्चना कर प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके बाद उनका 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा। इस दौरान व्रती अन्न और जल ग्रहण नहीं करेंगे। रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य दिया जाएगा, जबकि सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।
घाटों पर वेदियां बनाने का काम तेज
छठ पूजा को लेकर गंगा घाटों और आसपास के जलाशयों पर तैयारियां तेज हो गई हैं। व्रती परिवारों ने अपने लिए निर्धारित स्थानों पर वेदियां बनानी शुरू कर दी हैं। कई परिवारों ने घाटों पर पहुंचकर पहले से बनी वेदियों की साफ-सफाई और सजावट की। महिलाओं ने पारंपरिक तरीके से वेदियों को सजाया और पूजा सामग्री जुटाने में लगी रहीं। पंडेयपुर समेत शहर के विभिन्न बाजारों में छठ पूजा के लिए दौरा, सूप, दउरी, नारियल, फल और अन्य पूजन सामग्री की खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ रही है। बाजारों में बांस से बने सूप और दौरे की मांग बढ़ गई है।
बरेका सूर्य सरोवर पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम
महापर्व छठ को देखते हुए बीएलडब्ल्यू स्थित बरेका सूर्य सरोवर पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। छठ समिति के अध्यक्ष अनूप सिंह और महामंत्री अजय भारती के नेतृत्व में व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। व्रती महिलाओं के लिए कपड़े बदलने के 26 चेंजिंग रूम बनाए गए हैं। 15 अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सरोवर की निगरानी की जाएगी। सुरक्षा के लिए परिसर में सशस्त्र जवानों की तैनाती की जा रही है। समिति की ओर से 108 बार हनुमान चालीसा का पाठ कराने के अलावा रात में भजन संध्या का आयोजन भी होगा। व्रती महिलाओं और उनके परिजनों की सुविधा के लिए प्रकाश, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। रात में भरतनाट्यम की प्रस्तुति भी होगी।
रेलवे स्टेशन पर 250 यात्रियों की क्षमता का अस्थायी आश्रय स्थल
छठ महापर्व पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। स्टेशन परिसर में 250 यात्रियों की क्षमता वाला अस्थायी आश्रय स्थल बनाया गया है। यहां बैठने और ट्रेन की प्रतीक्षा करने की व्यवस्था की गई है। यात्रियों की सुविधा के लिए चिकित्सा सहायता, पेयजल और मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था भी की गई है। यात्रियों को ट्रेनों की जानकारी देने के लिए डिस्प्ले पैनल और उद्घोषणा प्रणाली को सक्रिय रखा गया है। 24 घंटे संचालित होने वाले हेल्प डेस्क के माध्यम से यात्रियों की सहायता की जाएगी। स्टेशन परिसर में सीसीटीवी निगरानी, नियंत्रण कक्ष और सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है।