गंगा घाटों पर छठी मैया की आराधना, वेदियों पर दीप जलाकर व्रती महिलाओं ने मांगी सुख-समृद्धि
वाराणसी। धर्म और आस्था की नगरी काशी के गंगा घाटों पर छठ महापर्व की रौनक बढ़ने लगी है। शनिवार को छठ पूजा के दूसरे दिन बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं और उनके परिजन गंगा घाटों पर पहुंचे। महिलाओं ने मां गंगा में स्नान कर विधि-विधान से वेदी पूजन किया और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाया और गोबर से वेदियों को लीपकर पूजा के लिए तैयार किया। घाटों पर छठी मैया के पारंपरिक गीत गूंजते रहे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
गंगा घाटों पर सुबह से ही महिलाओं की आवाजाही शुरू हो गई थी। कोई गंगा में स्नान कर रही थी तो कोई अपनी वेदी को गोबर से लीपकर पूजन की तैयारी में जुटी थी। परिवार के सदस्यों के साथ पहुंची महिलाओं ने वेदियों के समीप बैठकर छठी मैया के गीत गाए। इसके बाद विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर दीप जलाए। घाटों पर एक साथ जलते दीपों ने आस्था का मनोरम दृश्य प्रस्तुत किया।
वेदी को छठी मैया का स्वरूप मानकर करती हैं पूजन
छठ पूजा में वेदी पूजन का विशेष महत्व है। व्रती महिलाएं वेदी को छठी मैया का स्वरूप मानकर उसकी पूजा करती हैं। मान्यता के अनुसार पर्व के दूसरे दिन गंगा घाटों और अन्य जलाशयों के किनारे वेदी पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगल की कामना की जाती है। महिलाओं ने बताया कि यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है। गंगा स्नान के बाद वेदी की पूजा करना छठ पर्व की महत्वपूर्ण परंपराओं में शामिल है।
जल स्रोतों के किनारे पूजन की परंपरा
छठ महापर्व में कुंड, सरोवर, तालाब और नदियों के किनारे पूजा करने का विशेष महत्व है। यही वजह है कि काशी में गंगा घाटों पर बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं पहुंचती हैं। इस दौरान पारंपरिक लोकगीतों के जरिए छठी मैया की महिमा का गुणगान किया जाता है। परिवार की कई पीढ़ियां एक साथ घाटों पर पहुंचकर इस लोक परंपरा को जीवंत रखती हैं।
गंगा स्नान, वेदी पूजन, दीपों की रोशनी और छठी मैया के गीतों के बीच काशी के घाटों पर छठ महापर्व का उल्लास लगातार बढ़ रहा है। अब श्रद्धालुओं को रविवार को होने वाले अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य और सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने का इंतजार है।
तस्वीरें....