वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन के लिए चेतनारायण सिंह ने किया नामांकन, राजनीतिक दलों पर साधा निशाना, गिनाए मुद्दे
वाराणसी। वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी चेतनारायण सिंह ने सोमवार को नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के बाद उन्होंने शिक्षक हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों की ओर से संगठनों के समानांतर अपने प्रत्याशी मैदान में उतारे जा रहे हैं। राजनीतिक दलों ने संगठनों को खत्म करने का व्रत लिया है। उन्होंने शिक्षक हितों को प्रमुखता से उठाते हुए मुद्दे गिनाए।
चेतनारायण सिंह ने कहा कि संगठन की प्रमुख मांगों में नई पेंशन योजना को समाप्त कर पुरानी पेंशन योजना लागू करना शामिल है। उनका कहना है कि लंबे समय से शिक्षक पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह शिक्षकों की सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।
उन्होंने स्ववित्तपोषित और वित्तविहीन विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों की सेवा दशा निर्धारित करने की मांग भी उठाई। उनके अनुसार, इन शिक्षकों को सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुरूप न्यूनतम वेतनमान और टीए की सुविधा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वित्तविहीन शिक्षकों की सेवा शर्तों और पारिश्रमिक से जुड़ी समस्याओं का समाधान आवश्यक है।
उन्होंने मदरसा और संस्कृत शिक्षकों के लिए भी अनुदानित महाविद्यालयों, माध्यमिक और बेसिक विद्यालयों के शिक्षकों के समान सेवा शर्तें एवं वेतनमान लागू करने की मांग की। उनका कहना था कि शिक्षा व्यवस्था में कार्यरत शिक्षकों के बीच सेवा सुविधाओं को लेकर असमानता दूर की जानी चाहिए। चेतनारायण सिंह ने गरीब और जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा से जुड़े मुद्दों को भी प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि शिक्षक हितों के साथ शिक्षा व्यवस्था में सुधार और वंचित वर्ग के बच्चों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना भी जरूरी है।
देखें वीडियो