लापरवाही पर चौबेपुर एसओ लाइनहाजिर, जंसा थानाध्यक्ष भी बदले, पीआरओ को मिली जिम्मेदारी
वाराणसी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शुक्रवार रात अपराध समीक्षा बैठक में कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए चौबेपुर थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सोनकर को लाइन हाजिर कर दिया। वहीं जंसा थाने की कमान सीपी के पीआरओ सत्यजीत सिंह को सौंपी गई है। जंसा एसओ अनिल कुमार शर्मा को चौबेपुर थाना प्रभारी बनाया गया है।
चौबेपुर एसओ के खिलाफ खनन में पैसे लेने के आरोप लगे थे। वहीं विवेचनाओं में भी लापरवाही सामने आई थी। इस पर पुलिस आयुक्त ने अपराध समीक्षा बैठक में चौबेपुर एसओ को निलंबित कर दिया। पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिए कि सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में सघन गश्त, प्रभावी पुलिसिंग और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखें। उन्होंने साइबर अपराधों पर नियंत्रण के लिए लोगों को जागरूक करने, धोखाधड़ी वाले मोबाइल नंबरों, बैंक खातों और अन्य डिजिटल माध्यमों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही विवेचनाओं का 60 से 90 दिनों के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने और आदतन एवं संगठित अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।
बैठक में आगामी सावन माह को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस आयुक्त ने प्रमुख मंदिरों, शिवालयों और धार्मिक स्थलों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन तथा बिजली, पानी, पार्किंग और प्रवेश-निकास मार्गों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंदिरों के आसपास अतिक्रमण हटाकर श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाया जाए तथा अवैध पार्किंग और गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाए।