मनरेगा का नाम बदलना गांधी के विचारों के खिलाफ, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार पर किया हमला, लगाए आरोप
वाराणसी। टाउनहाल में महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष उपवास कार्यक्रम और मनरेगा का नाम बदलने के खिलाफ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को लेकर प्रशासन रविवार को अलर्ट रहा। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया है कि प्रदर्शन से पहले ही पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को नजरबंद करने की कोशिश की गई। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मनरेगा को लेकर सरकार को घेरने की कोशिश की। आरोप लगाया कि सरकार ने मनरेगा का नाम बदलकर महात्मा गांधी के विचारों और योगदान का अपमान करने का काम किया है। सरकार गरीबों, मजदूरों का हक मारने का काम कर रही है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि महात्मा गांधी के नाम से जुड़े मनरेगा को सरकार ने बदलकर “जी ग्राम जी” कर दिया है, जो न केवल एक गलत नाम है, बल्कि महात्मा गांधी के विचारों और उनके सम्मान के खिलाफ भी है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार योजनाओं के नाम बदलकर गांधी के नाम और उनकी विरासत को धीरे-धीरे समाप्त करने का प्रयास कर रही है। अजय राय ने कहा कि जिस महात्मा गांधी ने देश को आजादी दिलाई, उनके नाम को हटाना उनके योगदान का अपमान है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बीते नौ महीनों से मनरेगा मजदूरों का भुगतान नहीं किया गया है, जिससे ग्रामीण मजदूर भुखमरी की कगार पर हैं। कांग्रेस का कहना है कि मजदूरों के हक की आवाज उठाने पर पुलिस बल लगाकर नेताओं को घरों में बंद किया जा रहा है, ताकि विरोध को दबाया जा सके। अजय राय ने बताया कि कांग्रेस पूरे देश में गांधी प्रतिमा के सामने मौन उपवास के माध्यम से सरकार के फैसलों का विरोध कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी दबाव में झुकने वाली नहीं है और मजदूरों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
इस मौके पर कांग्रेस ने आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की भी घोषणा की। अजय राय ने कहा कि प्रियंका गांधी पार्टी की नेता हैं और उनके जन्मदिन को पूरे देश में धूमधाम से मनाया जाएगा। जन्मदिन के अवसर पर उत्तर प्रदेश सहित पूरे प्रदेश में 30 रैलियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि 8 फरवरी को वाराणसी में कांग्रेस की बड़ी रैली होगी, जबकि इसका समापन लखनऊ में एक विशाल रैली के साथ किया जाएगा। अजय राय ने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश में 2027 का विधानसभा चुनाव प्रियंका गांधी के नेतृत्व में लड़ा जाएगा और कांग्रेस पूरे प्रदेश को एक मजबूत राजनीतिक संदेश देगी।