चंदौली सांसद वीरेंद्र सिंह ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से की मुलाकात, बोले, सपा ही नहीं पूरी काशी शंकराचार्य के साथ
वाराणसी। प्रयागराज पुलिस के वाराणसी आकर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से पूछताछ की सूचना के बाद राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। चंदौली से सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने सोमवार को शंकराचार्य से मुलाकात की। इस दौरान समर्थन का भरोसा दिलाया।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ही नहीं, बल्कि पूरी काशी शंकराचार्य के साथ है। इस तरह का जो आरोप उनपर लगा है, उससे बहुत पीड़ा हुई। उनके साथ हमसभी खड़े हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष के संज्ञान में यह मामला है। शंकराचार्य का जो आदेश होगा उसका पालन किया जाएगा।
सपा सांसद ने बताया कि उन्होंने शंकराचार्य से मिलने के लिए समय मांगा था और मठ पहुंचकर उनसे वार्ता की और आशीर्वाद प्राप्त किया। हाईकोर्ट के आदेश पर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया गया है। इसी मामले में शंकराचार्य से पूछताछ के लिए प्रयागराज पुलिस की टीम वाराणसी पहुंची। इसकी सूचना मिलने के बाद कांग्रेस और सपा के प्रतिनिधियों ने शंकराचार्य से मुलाकात की।