जनगणना 2027: 16 से 30 नवंबर तक घर बैठे दर्ज करें परिवार की जानकारी, मिलेगी 11 अंकों की SE ID
डीएम सत्येंद्र कुमार ने नागरिकों से स्व-गणना में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की, ऑनलाइन पोर्टल पर मोबाइल OTP से सत्यापन कर भरनी होगी परिवार की जानकारी
वाराणसी। जनगणना 2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) के तहत नागरिकों को अपने परिवार का विवरण घर बैठे ऑनलाइन दर्ज करने की सुविधा दी जा रही है। इसके लिए 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया संचालित होगी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने जनपदवासियों से निर्धारित अवधि में स्व-गणना पूरी करने की अपील करते हुए कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में प्रत्येक परिवार की भागीदारी आवश्यक है। नागरिकों की सक्रिय सहभागिता से जनगणना की प्रक्रिया अधिक सरल, सुगम और प्रभावी बनेगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि स्व-गणना के लिए नागरिकों को आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाना होगा। यहां राज्य के रूप में उत्तर प्रदेश का चयन करने के बाद अपनी पसंदीदा भाषा चुननी होगी। इसके बाद मोबाइल नंबर और कैप्चा दर्ज कर ओटीपी के माध्यम से सत्यापन करना होगा। यदि नागरिक का मोबाइल नंबर जनगणना के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) में दिए गए मोबाइल नंबर से मेल खाता है तो प्रश्नावली सीधे खुल जाएगी। अन्यथा मानचित्र के माध्यम से जनपद वाराणसी, उप-जिला, गांव अथवा नगर और नजदीकी पहचान चिह्न का चयन कर निवास स्थान की पुष्टि करनी होगी।
इसके बाद परिवार के सभी सदस्यों से संबंधित प्रश्नों के उत्तर और डैशबोर्ड पर उपलब्ध अन्य जानकारियां सावधानीपूर्वक भरनी होंगी। सभी विवरण दर्ज करने के बाद 'परिवार की समीक्षा करें' विकल्प के जरिए जानकारी जांचनी होगी। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से बताया कि अंतिम रूप से विवरण सबमिट करने के बाद उसमें संशोधन संभव नहीं होगा, इसलिए सभी प्रविष्टियों की अच्छी तरह जांच करना जरूरी है।
स्व-गणना सफलतापूर्वक पूरी होने पर नागरिकों को 'P' अक्षर से शुरू होने वाली 11 अंकों की विशिष्ट SE ID मिलेगी। इसे सुरक्षित रखना होगा और प्रगणक के घर पहुंचने पर उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। प्रगणक अपने मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से इस आईडी का मिलान कर दर्ज जानकारी का सत्यापन करेंगे। यदि आईडी का मिलान नहीं हो पाता है तो प्रगणक परिवार का विवरण दोबारा संकलित करेंगे। डीएम सत्येंद्र कुमार ने अपील की कि सभी नागरिक 30 नवंबर तक स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी कर जनगणना 2027 को सफल बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।