मेमू ट्रेन के हर कोच में सीसीटीवी कैमरा और पैनिक बटन, सफर होगा आरामदायक
वाराणसी से राजातालाब-बनारस और प्रयागराज रामबाग के लिए शनिवार से चलेंगी नई मेमू ट्रेनें, 2214 यात्रियों की होगी क्षमता
वाराणसी। रेल यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने वाराणसी में स्लीपर वंदेभारत के साथ ही साबरमती एक्सप्रेस और दो नई मेमू ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। इसके तहत शनिवार से वाराणसी सिटी से राजातालाब और बनारस से प्रयागराज रामबाग के लिए नई मेमू ट्रेनें संचालित की जाएंगी। इन ट्रेनों में सीसीटीवी कैमरे के साथ पैनिक बटन की सुविधा होगी।
नई मेमू ट्रेनों के प्रत्येक कोच में पैनिक बटन और सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इससे यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी। यात्रा के दौरान किसी आपात स्थिति में यात्री पैनिक बटन के माध्यम से सहायता मांग सकेंगे। इसके अलावा ट्रेन के ड्राइवर केबिन में भी सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के ट्रेन सेट डिपो, औड़िहार में इन नई ट्रेनों के लिए रैक तैयार किए गए हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए प्रत्येक कोच में बायो-टॉयलेट और मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट की व्यवस्था की गई है। अग्नि सुरक्षा के लिए एयरोसोल आधारित फायर प्रोटेक्शन सिस्टम भी लगाया गया है।
नई मेमू ट्रेन की कुल यात्री क्षमता 2214 है। कोच में स्वच्छता, अग्नि सुरक्षा, सुरक्षा निगरानी और चालक की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है। मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट होने से यात्री सफर के दौरान अपने इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी आसानी से चार्ज कर सकेंगे।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, नई मेमू ट्रेनें यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और आरामदायक यात्रा का अनुभव प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगी। इससे वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।