आटा मिल कंपनी से दो करोड़ की जालसाजी करने वाला अभियुक्त गिरफ्तार, कैंट पुलिस की बड़ी कामयाबी
वाराणसी। आटा मिल कंपनी से जालसाजी के जरिए करीब दो करोड़ रुपये की धोखाधड़ी और गबन करने वाले अभियुक्त को थाना कैंट पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ अपनाई जा रही “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत की गई है। अभियुक्त लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसकी तलाश पुलिस लगातार कर रही थी।
पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन तथा सहायक पुलिस आयुक्त सर्किल कैंट के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक थाना कैंट की टीम ने कुशल रणनीति और साइबर सेल की मदद से अभियुक्त को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अरविन्द कुमार केशरी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से चक गरीबदास, थाना नैनी, जनपद प्रयागराज का निवासी है और वर्तमान में बिहार के कैमूर जनपद के मोहनिया थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त के खिलाफ थाना मंडुआडीह में मु0अ0सं0 180/24 के तहत धारा 420, 467, 468, 471, 406, 408, 504, 506 व 120बी भारतीय दंड संहिता के अंतर्गत मामला दर्ज है। अभियोग वादी नितिन मित्तल द्वारा दर्ज कराया गया था, जिसमें आरोप लगाया गया था कि उनकी फर्म फ्लोर मिल गनपतराय केवलराम एग्रोगेट एलएलपी की लहरतारा स्थित शाखा में कार्यरत अरविन्द कुमार केशरी और उसके दो अन्य साथियों ने फर्जी बिल तैयार कर करीब दो करोड़ रुपये का गबन किया।
अभियोग पंजीकृत होने के बाद से ही अभियुक्त फरार चल रहा था। थाना कैंट पर तैनात वरिष्ठ उपनिरीक्षक रामकेवल यादव द्वारा विवेचना की जा रही थी। लगातार प्रयास और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 15 जनवरी 2026 को शाम 4:20 बजे अभियुक्त को बिहार के मोहनिया थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रामकेवल यादव, उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह, कांस्टेबल राजू शाह तथा सर्विलांस सेल से कांस्टेबल बृजेश शामिल रहे।