लंका क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान, सड़क पर उतरी पुलिस, अतिक्रमणकारियों को दी सख्त हिदायत 

शहर में अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोमवार को लंका क्षेत्र में व्यापक कार्रवाई की गई। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देश पर लंका थाना प्रभारी राजकुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सड़क पर उतरकर अवैध कब्जों के खिलाफ सख्ती दिखाई और कई स्थानों से अतिक्रमण हटवाया।
 

वाराणसी। शहर में अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोमवार को लंका क्षेत्र में व्यापक कार्रवाई की गई। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देश पर लंका थाना प्रभारी राजकुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सड़क पर उतरकर अवैध कब्जों के खिलाफ सख्ती दिखाई और कई स्थानों से अतिक्रमण हटवाया।

अभियान में संकटमोचन चौकी, बीएचयू चौकी और नगवा चौकी के प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी शामिल रहे। जैसे ही भारी पुलिस बल रविदास गेट से लंका गेट की ओर बढ़ा, सड़क किनारे अस्थायी दुकानें सजाए बैठे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कई दुकानदारों ने तत्काल अपना सामान समेट लिया।

कार्रवाई रविदास गेट से शुरू होकर लंका गेट, सामने घाट मार्ग और नरिया मार्ग तक चली। सड़क किनारे लगे ठेले, अस्थायी दुकानें और फुटपाथ पर रखे सामान को हटवाया गया। साथ ही अव्यवस्थित ढंग से खड़े वाहनों को भी हटाया गया, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके। पुलिस ने लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण करने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

थाना प्रभारी राजकुमार ने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक मार्गों पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि लंका क्षेत्र में लगातार जाम और अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके चलते यह अभियान तेज किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि यह एक दिन की कार्रवाई नहीं, बल्कि नियमित अभियान का हिस्सा है और आगे भी सख्ती जारी रहेगी।

स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की पहल का समर्थन करते हुए कहा कि नियमित कार्रवाई से सड़कों पर जाम की समस्या कम होगी और आवागमन सुगम बनेगा। पुलिस प्रशासन ने संकेत दिया है कि शहर के अन्य इलाकों में भी इसी तरह अभियान चलाया जाएगा, ताकि यातायात व्यवस्था बेहतर हो और आमजन को राहत मिल सके।