पुलिस लाइन में कैफेटेरिया और बैडमिंटन कोर्ट का उद्घाटन, पुलिसकर्मियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
वाराणसी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मंगलवार को पुलिस लाइन परिसर में नवनिर्मित कैफेटेरिया और जीर्णोद्धार किए गए बैडमिंटन कोर्ट का विधिवत उद्घाटन किया। पुलिस आयुक्त ने फीता काटकर दोनों सुविधाओं का शुभारंभ किया। इन सुविधाओं के विकसित होने से पुलिस लाइन परिसर को आधुनिक और सुव्यवस्थित स्वरूप मिला है।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि पुलिसकर्मियों के लिए बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है। कैफेटेरिया और बैडमिंटन कोर्ट जैसी सुविधाओं से पुलिसकर्मियों को स्वास्थ्य, फिटनेस और मानसिक ताजगी बनाए रखने में मदद मिलेगी। इससे उनकी कार्यक्षमता बढ़ने के साथ मनोबल भी मजबूत होगा।
उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी लगातार ड्यूटी और विभिन्न चुनौतियों के बीच अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। ऐसे में उन्हें स्वस्थ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने से वे अधिक ऊर्जा और बेहतर क्षमता के साथ अपने कर्तव्यों का पालन कर सकेंगे। इसका सकारात्मक प्रभाव आमजन को मिलने वाली पुलिस सेवाओं की गुणवत्ता पर भी पड़ेगा।
पुलिस लाइन परिसर में आधुनिक सुविधाओं के विस्तार को पुलिसकर्मियों के कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि इन सुविधाओं का पुलिसकर्मी नियमित रूप से उपयोग करेंगे और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहेंगे। उद्घाटन कार्यक्रम में अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन एवं मुख्यालय प्रमोद कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त लाइन वैभव बांगर, सहायक पुलिस आयुक्त लाइन गौरव कुमार समेत अन्य अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।