वाराणसी एयरपोर्ट पर यात्री के बैग से मिले कारतूस, यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ
वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर गुरुवार को यात्री के बैग में कारतूस मिलने से हड़कंप मच गया। सीआईएसएफ जवानों ने यात्री को हिरासत में ले लिया। यात्री से पूछताछ की जा रही है।
बलिया निवासी मंजूर खान स्पाइस जेट की फ्लाइट से वाराणसी से मुंबई जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचा था। निर्धारित प्रक्रिया के तहत जब उसका बैग सीआईएसएफ द्वारा स्कैन किया गया, तो मशीन में संदिग्ध आकृति दिखाई दी। जांच करने पर बैग के भीतर चार कारतूस बरामद किए गए। कारतूस मिलते ही एयरपोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सीआईएसएफ के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए यात्री को मौके पर ही हिरासत में ले लिया और उससे पूछताछ शुरू की। प्रारंभिक पूछताछ में यात्री कारतूस के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद सीआईएसएफ ने बरामद कारतूस के साथ यात्री को फूलपुर थाने की पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस विधिक कार्रवाई में जुटी रही।