मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण और आयुष्मान योजना की प्रगति पर मंथन, सीडीओ ने स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा में दिए निर्देश
वाराणसी। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक मंगलवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों और स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। सीडीओ ने अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समय से पहुंचाने और निर्धारित लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनपी सिंह ने बैठक में स्वास्थ्य विभाग की ओर से संचालित कार्यक्रमों की वर्तमान स्थिति, निर्धारित लक्ष्य और उपलब्धियों की जानकारी प्रस्तुत की। इस दौरान परिवार कल्याण कार्यक्रम, जननी सुरक्षा योजना, आयुष्मान भारत, नियमित एवं संपूर्ण टीकाकरण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं और राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम समेत अन्य योजनाओं की समीक्षा हुई।
जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा के दौरान पात्र लाभार्थियों को समय से भुगतान सुनिश्चित करने और लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने में तेजी लाने और अधिक से अधिक लाभार्थियों को योजना से जोड़ने पर जोर दिया गया। शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के भवन निर्माण और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की स्थिति की भी जानकारी ली गई।
सीडीओ ने गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच निर्धारित समय पर पूरा कराने और उसकी नियमित रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने को कहा। मातृ एवं शिशु मृत्यु की घटनाओं की समयबद्ध रिपोर्टिंग और समीक्षा पर भी विशेष जोर दिया गया। उन्होंने चिकित्सा अधीक्षकों और प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता और मरीजों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत बच्चों की स्क्रीनिंग, आंकड़ों की समयबद्ध ऑनलाइन फीडिंग, स्वास्थ्य कर्मियों के प्रशिक्षण तथा दवाओं की मांग और उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्धारित पोर्टल पर सभी जरूरी सूचनाएं समय से दर्ज कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिले के विभिन्न चिकित्सालयों के चिकित्सा अधीक्षक, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। डब्ल्यूएचओ के डॉ. महेंद्र व डॉ. शाहिद और जेएसआई के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में सहभागिता की।