स्ट्रोक और तंत्रिका रोगों के इलाज में नई तकनीकों पर मंथन, काशी में जुटे देश-विदेश के विशेषज्ञ
ACSN 2026 में न्यूरोसोनोलॉजी के आधुनिक प्रयोगों पर चर्चा, चिकित्सा और अभियांत्रिकी के समन्वय से बेहतर होगी मरीजों की देखभाल
वाराणसी। मस्तिष्क और तंत्रिका तंत्र से जुड़ी बीमारियों के शीघ्र एवं सटीक निदान तथा उपचार को नई दिशा देने के उद्देश्य से वाराणसी में सोसाइटी ऑफ न्यूरोसोनोलॉजी का वार्षिक राष्ट्रीय सम्मेलन ‘ACSN 2026’ आयोजित किया जा रहा है। 28 एवं 29 नवंबर को होटल ताज गंगेज में आयोजित इस दो दिवसीय सम्मेलन में देश-विदेश के प्रख्यात न्यूरोलॉजिस्ट, चिकित्सा विशेषज्ञ और शोधकर्ता हिस्सा ले रहे हैं। इस वर्ष सम्मेलन की थीम ‘न्यूरोसोनोलॉजी एवं रोगी देखभाल में नवाचार’ रखी गई है। सिंगापुर के डॉ. विजय कुमार शर्मा और अमेरिका के प्रो. डॉ. रयान हकीमी भी वैज्ञानिक सत्रों में अपने विचार साझा कर रहे हैं।
सम्मेलन में काशी हिंदू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजीत चतुर्वेदी ने चिकित्सा विज्ञान और अभियांत्रिकी के बीच समन्वय को समय की आवश्यकता बताया। उन्होंने कहा कि अल्ट्रासाउंड तकनीक को अधिक सटीक, सुलभ और किफायती बनाने में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, सिग्नल प्रोसेसिंग, इमेज प्रोसेसिंग और उन्नत सेंसर तकनीकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। चिकित्सकों और अभियंताओं के संयुक्त अनुसंधान से स्वदेशी चिकित्सा उपकरणों के विकास को बढ़ावा मिलेगा और आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को मजबूती मिलेगी।
चिकित्सा विज्ञान संस्थान, बीएचयू के निदेशक प्रो. एस.एन. संखवार ने कहा कि आधुनिक चिकित्सा में तकनीकी नवाचार, गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान और चिकित्सकों का निरंतर प्रशिक्षण बेहद जरूरी है। न्यूरोसोनोलॉजी जैसी गैर-आक्रामक तकनीकें रोगों की समय रहते पहचान और बेहतर उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। ऐसे सम्मेलन विशेषज्ञों के बीच ज्ञान और अनुभव साझा करने का प्रभावी मंच हैं। डॉ. आनंद कुमार ने न्यूरोसोनोलॉजी को आधुनिक न्यूरोलॉजी का तेजी से विकसित होता क्षेत्र बताया। उन्होंने कहा कि अल्ट्रासाउंड के माध्यम से मस्तिष्क की रक्त वाहिकाओं, तंत्रिकाओं और मांसपेशियों से संबंधित विकारों का सुरक्षित मूल्यांकन किया जा सकता है।
वहीं, डॉ. अभिषेक पाठक ने ब्रेन स्ट्रोक के निदान और उपचार में ट्रांसक्रेनियल डॉप्लर तकनीक की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इससे मस्तिष्क की रक्त वाहिकाओं में रक्त प्रवाह का वास्तविक समय में आकलन किया जा सकता है। यह तकनीक कम खर्चीली और गैर-आक्रामक होने के साथ मरीज के बिस्तर के पास भी उपलब्ध कराई जा सकती है। इससे ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में स्ट्रोक के मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकती है।
डॉ. वरुण सिंह ने कहा कि न्यूरोमस्कुलर अल्ट्रासाउंड तंत्रिकाओं और मांसपेशियों से संबंधित बीमारियों के सटीक निदान में सहायक है। इलेक्ट्रोफिजियोलॉजी के साथ इसका इस्तेमाल बेहतर परिणाम दे सकता है। युवा न्यूरोलॉजिस्टों को इन तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण देना आवश्यक है। सम्मेलन के दौरान ब्रेन स्ट्रोक, ट्रांसक्रेनियल डॉप्लर और न्यूरोमस्कुलर अल्ट्रासाउंड पर व्याख्यान, लाइव प्रदर्शन और व्यावहारिक प्रशिक्षण आयोजित किए जा रहे हैं। इंडियन स्ट्रोक एसोसिएशन और अमेरिकन सोसाइटी ऑफ न्यूरोइमेजिंग के संयुक्त वैज्ञानिक सत्र भी आकर्षण का केंद्र हैं। सम्मेलन को यूपी मेडिकल काउंसिल की ओर से तीन क्रेडिट पॉइंट प्रदान किए गए हैं।