एयर शो के दौरान गंगा में बंद रहेगा नौका संचालन, कई सेक्टरों में बांटकर एनडीआरएफ-एसडीआरएफ करेगी निगरानी
वाराणसी। काशी में 22, 24 और 25 अक्टूबर को होने वाले एयर शो को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। भारतीय वायुसेना ने भी प्रदर्शन की तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में वायुसेना के चिनूक हेलिकॉप्टर ने गंगा के ऊपर रिहर्सल किया। एयर शो के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, नदी में निगरानी और दर्शकों की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि एयर शो के दौरान गंगा में नौका संचालन बंद रहेगा। नदी को कई सेक्टरों में बांटा जाएगा और प्रत्येक क्षेत्र में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) तथा राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीमों को तैनात किया जाएगा। इसका उद्देश्य नदी क्षेत्र में सुरक्षा बनाए रखना और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तत्पर रहना है।
आयोजन के लिए घाटों के आसपास के क्षेत्रों में विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। सारनाथ क्षेत्र के घाटों को भी विकसित किया जा रहा है, ताकि वहां से दर्शक एयर शो देख सकें। इसके अलावा करीब दो किलोमीटर के दायरे में दर्शकों की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाएं तैयार की जा रही हैं। चंदौली और आसपास के इलाकों के लोगों को गंगा के दूसरी तरफ से बेहतर दृश्य उपलब्ध कराने के लिए भी बैरिकेडिंग, पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं का इंतजाम किया जा रहा है।
पुलिस आयुक्त के मुताबिक, एयर शो के लिए 75 अस्थायी थाने बनाए गए हैं और वहां पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई है। पुलिस टीमें क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था और बैरिकेडिंग का निरीक्षण कर रही हैं। पार्किंग स्थलों को इस तरह व्यवस्थित किया जा रहा है कि दर्शकों की भीड़ के कारण शहर के यातायात, रिंग रोड और हाईवे पर दबाव न बढ़े।
25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री के आने की संभावना के मद्देनजर भी तैयारियां की जा रही हैं। प्रशासन का प्रयास है कि एयर शो के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रहे और बड़ी संख्या में पहुंचने वाले दर्शकों को आयोजन देखने में सहूलियत मिले।