BLW का बड़ा कीर्तिमान : इस वित्तीय वर्ष में 500वां विद्युत रेल इंजन तैयार, हावड़ा के लिए रवाना हुआ 6000 हॉर्स पॉवर का इंजन
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए वित्तीय वर्ष 2025–26 का 500वां विद्युत लोकोमोटिव सफलतापूर्वक टर्न-आउट किया। यह लोकोमोटिव WAP7 श्रेणी का है, जिसे पूर्व रेलवे के हावड़ा लोको शेड के लिए रवाना किया गया। इस अवसर पर बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत और रेलवे बोर्ड के अतिरिक्त सदस्य (कर्षण) सोमेश कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही।
यह उपलब्धि न केवल बरेका की उत्पादन क्षमता का प्रमाण है, बल्कि भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
6000 अश्वशक्ति का हाई-स्पीड यात्री इंजन
लोकार्पित WAP7 लोकोमोटिव नंबर 45002, 6000 अश्वशक्ति क्षमता वाला उच्च गति विद्युत इंजन है। इसे मेल, एक्सप्रेस और अन्य यात्री ट्रेनों के संचालन के लिए विशेष रूप से डिजाइन किया गया है। इसकी अधिकतम गति 140 किलोमीटर प्रति घंटा है और यह 24 कोच तक खींचने में सक्षम है।
इस लोकोमोटिव में Co-Co पहिया विन्यास, वातानुकूलित ड्राइवर कैब, हेड-ऑन जेनरेशन प्रणाली, रिजेनरेटिव ब्रेकिंग सिस्टम, होटल लोड सुविधा और कंप्यूटर नियंत्रित ब्रेकिंग प्रणाली जैसी आधुनिक तकनीकें शामिल हैं। ये विशेषताएं इसे ऊर्जा दक्ष, सुरक्षित और उच्च प्रदर्शन वाला बनाती हैं।
“मेक इन इंडिया” से “मेक फॉर द वर्ल्ड” तक
बरेका ने “मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड” के मंत्र को साकार करते हुए चालू वित्तीय वर्ष में 500 लोकोमोटिव का निर्माण कर आत्मनिर्भर भारत की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाया है।
वर्ष 2017 में दो विद्युत लोकोमोटिव के निर्माण से शुरुआत करने वाला बरेका मात्र नौ वर्षों में 2855 विद्युत लोकोमोटिव का निर्माण कर चुका है। वर्तमान में यहां यात्री सेवा के लिए WAP7 तथा मालवाहक सेवा के लिए WAG9 लोकोमोटिव का निर्माण किया जा रहा है।
अब तक बरेका कुल 11187 लोकोमोटिव का निर्माण कर चुका है और 11 देशों को 182 लोकोमोटिव का सफल निर्यात भी कर चुका है। चालू वित्तीय वर्ष में मोजाम्बिक रेलवे को 10 अत्याधुनिक डीजल-इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव का निर्यात इसकी वैश्विक पहचान को और मजबूत करता है।
अधिकारियों ने जताया विश्वास और सराहा टीम वर्क
कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त सदस्य (कर्षण) सोमेश कुमार ने बरेका के अधिकारियों और कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा एवं उत्कृष्ट कार्य संस्कृति की सराहना की। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मेहनत और लगन के कारण ही बरेका ने चालू वित्तीय वर्ष में 500 लोकोमोटिव का उत्पादन संभव किया है।
महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने भी बरेका टीम की कार्यक्षमता पर पूर्ण विश्वास जताते हुए कहा कि रेलवे बोर्ड द्वारा निर्धारित सभी उत्पादन लक्ष्यों को समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाएगा। उन्होंने गुणवत्ता मानकों को बनाए रखने के लिए पूरी टीम की सराहना की।
इस अवसर पर बरेका के विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी, कर्मचारी परिषद के सदस्य और एससी-एसटी एसोसिएशन के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।
बरेका की यह उपलब्धि न केवल वाराणसी बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है, जो भारतीय रेलवे को आधुनिक, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है।