जमीन के विवाद में खूनी संघर्ष, चौबेपुर के सरैया में जमकर चले लाठी-डंडे, कई घायल, वीडियो वायरल
वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के सरैया नंबर-2 गांव में शुक्रवार को जमीन के पुराने विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी झड़प में बदल गया, जिसमें लाठी-डंडों और फावड़ों से एक-दूसरे पर हमला किया गया। इस घटना में कई लोग घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है।
गांव निवासी अंबिका राजभर अपने खेत में ट्रैक्टर से जुताई करवा रहे थे। इसी दौरान उनके ही परिवार के कुछ लोग, जिनमें संदीप, दीपक, दूधनाथ, मुरलीधर और अनिल कुमार शामिल बताए जा रहे हैं, मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि जमीन को लेकर पहले से चल रहे विवाद के चलते इन लोगों ने अंबिका राजभर और उनके परिजनों पर अचानक हमला बोल दिया।
हमले के दौरान दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। लाठी-डंडों और फावड़ों के इस्तेमाल से कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अंबिका राजभर को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जबकि उनके भाई का हाथ फ्रैक्चर हो गया। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों के अनुसार, झड़प इतनी उग्र थी कि बीच-बचाव करने पहुंचीं महिलाओं को भी हमलावरों ने नहीं बख्शा और उनके साथ भी मारपीट की गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना से आक्रोशित परिजन घायलों को एंबुलेंस से लेकर थाने भी पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थानाध्यक्ष (कार्यवाहक) राजेंद्र प्रसाद यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस बीच, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।