सिगरा में दर्दनाक सड़क हादसा : ब्लिंकिट कर्मी साहिल की मौत, परिवार का इकलौता सहारा छिना
वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र के सिद्धगिरीबाग इलाके में देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 21 वर्षीय बाइक सवार युवक साहिल की मौत हो गई। साहिल ब्लिंकिट में कार्यरत था और पिता की मौत के बाद पूरे परिवार की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। इस हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, जबकि पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
मंडलीय अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे की सूचना मिलने पर सिगरा पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल साहिल को तत्काल मंडलीय अस्पताल, कबीरचौरा पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सरैया, जलालीपुरा का रहने वाला था साहिल
मृतक की पहचान साहिल (21) पुत्र स्वर्गीय अब्दुल करीम निवासी सरैया, जलालीपुरा, जैतपुरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि करीब पांच वर्ष पहले उसके पिता का निधन हो चुका था। इसके बाद घर की आर्थिक जिम्मेदारी साहिल ने ही संभाल ली थी।
मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल
परिजनों के अनुसार साहिल तीन बहनों से छोटा और एक भाई से बड़ा था। उसकी कमाई से ही परिवार का खर्च चलता था। बेटे की असमय मौत की खबर मिलते ही मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल सिगरा पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा कैसे हुआ, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
नगर निगम के वाहन से टक्कर की चर्चा, सीसीटीवी फुटेज की भी जांच
स्थानीय सूत्रों का दावा है कि साहिल की बाइक की टक्कर किसी भारी वाहन से हुई थी। यह भी बताया जा रहा है कि दुर्घटना वहां पर स्थित एक होटल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। पुलिस इस संबंध में भी जांच कर रही है।