भाजपा का शिक्षक-स्नातक महासम्मेलन : विधानसभावार बनेंगी अलग-अलग दीर्घाएं, राज्यमंत्री व क्षेत्रीय अध्यक्ष ने देखी तैयारी
वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बुधवार को संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में प्रस्तावित शिक्षक-स्नातक महासम्मेलन को सफल बनाने के लिए भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सम्मेलन की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए मंगलवार को राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल और भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने सभा स्थल का निरीक्षण किया। दोनों ने मंच, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, छाया, पार्किंग, यातायात और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेकर संबंधित कार्यकर्ताओं एवं अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने सभा स्थल पर आठ विधानसभा क्षेत्रों से आने वाले लोगों के लिए बनाई जा रही अलग-अलग दीर्घाओं की व्यवस्था देखी। उन्होंने महिलाओं, प्रबुद्धजनों और मीडिया कर्मियों के लिए निर्धारित स्थानों का भी निरीक्षण किया। मंच और ध्वनि व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने तैयारियों में जुटे कार्यकर्ताओं से जानकारी ली और सभी काम समय से पूरा करने पर जोर दिया।
अशोक चौरसिया ने कहा कि शिक्षक-स्नातक महासम्मेलन संगठन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री का संबोधन सुनने आने वाले शिक्षकों, स्नातकों और कार्यकर्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी व्यवस्थाओं में आपसी समन्वय, अनुशासन और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सम्मेलन के सुचारु संचालन और सुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही।
वहीं, मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने अधिकारियों के साथ सभा स्थल का निरीक्षण कर जनसुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से छाया और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही वाहनों की पार्किंग और आवागमन को सुगम बनाए रखने पर जोर दिया, ताकि सभा में आने वाले लोगों को जाम और अव्यवस्था का सामना न करना पड़े।
मंत्री ने अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पंकज कुमार सहित मौके पर मौजूद अधिकारियों के साथ तैयारियों पर चर्चा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने और सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। सम्मेलन को लेकर भाजपा कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हैं। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र उपाध्यक्ष नवरतन राठी, अमित राय, अजीत रावत, संतोष सोलापुरकर, शैलेंद्र मिश्रा और अनिल गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।