स्थापना दिवस पर बीजेपी का शक्ति प्रदर्शन, नेताओं ने गिनाईं उपलब्धियां और संघर्ष की गाथा, फूल-मालाओं व रंगोली से सजा क्षेत्रीय कार्यालय 

रोहनिया स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस सोमवार को बड़े उत्साह, भव्यता और वैचारिक प्रतिबद्धता के साथ मनाया गया। फूलों, रंगोली और आकर्षक रोशनी से सजे कार्यालय परिसर में आयोजित इस समारोह में सैकड़ों कार्यकर्ताओं और जनसंघ कालीन वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक रूप दे दिया। “वंदे मातरम्” और “भारत माता की जय” के नारों से पूरा परिसर गूंजता रहा।
 

वाराणसी। रोहनिया स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस सोमवार को बड़े उत्साह, भव्यता और वैचारिक प्रतिबद्धता के साथ मनाया गया। फूलों, रंगोली और आकर्षक रोशनी से सजे कार्यालय परिसर में आयोजित इस समारोह में सैकड़ों कार्यकर्ताओं और जनसंघ कालीन वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक रूप दे दिया। “वंदे मातरम्” और “भारत माता की जय” के नारों से पूरा परिसर गूंजता रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने कहा कि भाजपा देश की एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ कार्य करती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवाद, लोकतांत्रिक मूल्यों और समग्र मानवतावाद की विचारधारा से प्रेरित होकर भाजपा निरंतर राष्ट्र निर्माण और समाज कल्याण के लिए समर्पित है।

उन्होंने पार्टी के इतिहास का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्ष 1951 में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वारा स्थापित जनसंघ से शुरू हुई यात्रा 6 अप्रैल 1980 को भाजपा के रूप में आगे बढ़ी, जिसके प्रथम अध्यक्ष अटल बिहारी वाजपेयी बने। उन्होंने कहा कि 1984 में सीमित संसदीय उपस्थिति से शुरुआत करने वाली पार्टी ने 1996, 1998 और 1999 में केंद्र की सत्ता में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।

दिलीप पटेल ने 2014 के बाद के दौर को उल्लेखनीय बताते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने अंत्योदय के लक्ष्य को साकार किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, मुफ्त बिजली कनेक्शन और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इनसे गरीब, किसान और महिलाओं को सीधा लाभ मिला है। उन्होंने यह भी कहा कि 2019 के बाद विकास के साथ-साथ विरासत को भी प्राथमिकता दी गई, जिसमें श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का निर्माण और अयोध्या में राम मंदिर का भव्य निर्माण शामिल है।

भाजपा जिलाध्यक्ष एवं एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि स्थापना दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा और सुशासन के संकल्प को दोहराने का अवसर है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अटल बिहारी वाजपेयी और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई है।

एमएलसी राय धर्मेंद्र सिंह ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि “एक देश में दो प्रधान, दो निशान और दो संविधान नहीं चलेंगे” का सपना अब साकार हो चुका है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने अमित शाह के नेतृत्व में अनुच्छेद 370 हटाकर जम्मू-कश्मीर को मुख्यधारा से जोड़ा।

इस अवसर पर जनसंघ कालीन वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का विशेष सम्मान किया गया। अतिथियों ने उन्हें माल्यार्पण, अंगवस्त्र और मिष्ठान देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि के साथ हुई, जबकि समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता हंसराज विश्वकर्मा ने की, जबकि संचालन क्षेत्रीय महामंत्री अशोक चौरसिया ने किया और धन्यवाद ज्ञापन जिला महामंत्री जेपी दुबे ने दिया। समारोह में पूर्व सांसद राजेश मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, राकेश शर्मा, डॉ. सुजीत सिंह, अदिति पटेल, नवरतन राठी सहित कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे।