बीजेपी के क्षेत्रीय प्रभारी रमेश सिंह पहुंचे वाराणसी, सर्किट हाउस में की तीन संगठनात्मक बैठकें, सांसद-विधायकों और पदाधिकारियों को दिया एकजुटता का मंत्र

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं काशी क्षेत्र के नवनियुक्त प्रभारी रमेश सिंह ने अपने प्रथम काशी प्रवास के दौरान मंगलवार को सर्किट हाउस में तीन महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठकें कीं। इनमें काशी क्षेत्र के सभी 16 संगठनात्मक जिलों के सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य, प्रदेश एवं क्षेत्र पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष व जिला प्रभारी तथा जिला, महानगर और तिरंगा यात्रा व्यवस्था टोली के पदाधिकारी क्रमवार शामिल हुए। बैठक में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को एकजुट होकर बूथ स्तर तक सक्रिय करने और काशी क्षेत्र की सभी 71 विधानसभा सीटों पर विजय का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया गया।
 

16 संगठनात्मक जिलों की समीक्षा, संगठन विस्तार और तिरंगा यात्रा को लेकर भी हुई चर्चा

वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं काशी क्षेत्र के नवनियुक्त प्रभारी रमेश सिंह ने अपने प्रथम काशी प्रवास के दौरान मंगलवार को सर्किट हाउस में तीन महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठकें कीं। इनमें काशी क्षेत्र के सभी 16 संगठनात्मक जिलों के सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य, प्रदेश एवं क्षेत्र पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष व जिला प्रभारी तथा जिला, महानगर और तिरंगा यात्रा व्यवस्था टोली के पदाधिकारी क्रमवार शामिल हुए। बैठक में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को एकजुट होकर बूथ स्तर तक सक्रिय करने और काशी क्षेत्र की सभी 71 विधानसभा सीटों पर विजय का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया गया।

नवनियुक्त क्षेत्र प्रभारी रमेश सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश और दुनिया की निगाहें चुनाव के समय काशी क्षेत्र पर रहती हैं। उन्होंने कहा कि काशी क्षेत्र के कार्यकर्ता कर्मठ और परिश्रमी हैं। आगामी विधानसभा चुनाव में सभी को एक लय, एक स्वर और एक वातावरण में काम करते हुए काशी क्षेत्र की सभी 71 विधानसभाओं में कमल खिलाने के लक्ष्य के साथ जुटना होगा।

काशी के कण- कण में शंकर 
अपने प्रथम काशी प्रवास पर हुए स्वागत से अभिभूत रमेश सिंह ने काशी से अपने पुराने जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि जब वह छोटे थे और काशी आते थे तो लोग कहते थे कि काशी के कण-कण में शंकर हैं। उन्होंने कहा कि आज काशी के कार्यकर्ता भी उसी भावना और समर्पण के साथ संगठन के लिए कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काशी के सांसद हैं। प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व और कार्यकुशलता का परिणाम है कि आज भारत का गौरव पूरी दुनिया में बढ़ा है और देश का परचम विश्वभर में लहरा रहा है।

टिकट की दौड़ में मतभेद नहीं, पार्टी के उम्मीदवार की जीत पर जोर
रमेश सिंह ने कार्यकर्ताओं को चुनावी राजनीति में व्यक्तिगत आकांक्षाओं और संगठन के हित के बीच संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव लड़ने की आजादी सभी को है। पार्टी का कार्यकर्ता होने के नाते टिकट मांगने और चुनाव लड़ने की इच्छा होना स्वाभाविक है, लेकिन पार्टी जिस व्यक्ति को कमल का निशान दे, उसके बाद सभी को अपने गिले-शिकवे भुलाकर पार्टी की जीत के लिए एकजुट होकर काम करना होगा।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि चुनाव व्यक्ति विशेष का नहीं बल्कि संगठन और विचारधारा की विजय का अभियान है। इसलिए टिकट को लेकर किसी भी प्रकार के मतभेद को संगठन की मजबूती के रास्ते में नहीं आने देना चाहिए।

त्याग और तपस्या से खड़ी हुई भाजपा 
क्षेत्र प्रभारी ने भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के योगदान को याद करते हुए कहा कि पार्टी आज जिस मुकाम पर पहुंची है, उसके पीछे वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का त्याग, तपस्या और संघर्ष है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी और कल्याण सिंह जैसे नेताओं ने गांवों, खेत-खलिहानों और समाज के बीच जाकर पसीना बहाया, जिसके परिणामस्वरूप संगठन मजबूत हुआ।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि संगठन विस्तार और मजबूती के लिए जिलाध्यक्षों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर टीम भावना से काम करना होगा। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को पूरी ताकत से सक्रिय करने और पार्टी को विजय दिलाने का आह्वान किया।

तीन बैठकों में संगठन से लेकर तिरंगा यात्रा तक पर मंथन
सर्किट हाउस में हुई बैठकों में अलग-अलग संगठनात्मक स्तरों के पदाधिकारियों से संवाद किया गया। 16 संगठनात्मक जिलों के पदाधिकारियों के साथ संगठन की गतिविधियों, आगामी चुनाव की तैयारियों तथा कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर चर्चा हुई। इसके साथ ही जिला, महानगर और तिरंगा यात्रा की व्यवस्था टोली के साथ भी बैठक कर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक की अध्यक्षता एवं स्वागत उद्बोधन काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने किया। संचालन क्षेत्र महामंत्री संतोष पटेल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रदेश उपाध्यक्ष एवं किसान मोर्चा के प्रदेश प्रभारी शंकर गिरी ने किया।

ये पदाधिकारी रहे मंचासीन
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं काशी क्षेत्र प्रभारी रमेश सिंह, काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं किसान मोर्चा प्रभारी शंकर गिरी, प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय, प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश मौर्य, प्रदेश कोषाध्यक्ष मनीष कपूर, प्रदेश मंत्री राकेश बिंद, राज्य मंत्री संजीव गौड़ और क्षेत्र महामंत्री संतोष पटेल मंचासीन रहे।


 

इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
बैठक में जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, रमेश जायसवाल, रत्नाकर मिश्रा और कैलाश आचार्य, विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र राय एवं विनित सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, अमरनाथ यादव, अवधेश गुप्ता, राकेश शर्मा, डॉ. सुदामा पटेल, राजेश राजभर, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, सह प्रभारी संतोष सोलापुरकर,अनिल श्रीवास्तव, सुरेश सिंह,श्रीप्रकाश शुक्ला, नम्रता चौरसिया, शैलेन्द्र मिश्रा,जय सिंह पाल, शैलेंद्र मौर्या, अश्विनी पटेल, अजीत रावत, संजय सोनकर, पीयूष वर्धन सिंह, मधुकर चित्रांश, चंद्रशेखर उपाध्याय, रानिका जायसवाल, अपराजिता सोनकर, सुनीता सिंह सहित अन्य प्रमुख पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।