वक्फ संशोधन अधिनियम को लेकर भाजपा का जनजागरण अभियान, घर-घर जाकर अल्पसंख्यकों को जागरूक करेंगे कार्यकर्ता

 
वाराणसी। भाजपा अब वक्फ संशोधन अधिनियम-2025 को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर काम कर रही है। इसी क्रम में पार्टी के लखनऊ स्थित प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित एक कार्यशाला में भाग लेकर लौटे भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप पटेल ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि इस अधिनियम को लेकर संगठन ने चरणबद्ध जनसंपर्क अभियान की रूपरेखा तय की है। उन्होंने कहा कि यह विधेयक अल्पसंख्यक वर्ग, विशेषकर मुस्लिम महिलाओं और कमजोर तबकों के लिए सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण का मार्ग प्रशस्त करेगा।

दिलीप पटेल ने बताया कि वक्फ संशोधन अधिनियम-2025 न सिर्फ व्यक्तिगत संपत्तियों और विरासत के अधिकारों की रक्षा करेगा, बल्कि समाज में पारदर्शिता और जवाबदेही को भी बढ़ावा देगा। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दल इस विधेयक के खिलाफ नकारात्मक प्रचार कर लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास" के संकल्प के साथ जनता के बीच सच्चाई लेकर जाएगी।

उन्होंने बताया कि भाजपा ने इस विधेयक के प्रचार-प्रसार के लिए विस्तृत कार्यक्रम तैयार किए हैं। 21 और 22 अप्रैल को क्षेत्रीय स्तर पर कार्यशालाएं आयोजित कर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके बाद 23 और 24 अप्रैल को जिलास्तरीय केंद्रों पर कार्यशालाएं होंगी। इस प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं को विधेयक की संवैधानिकता, उद्देश्य और जनहितकारी प्रावधानों की जानकारी दी जाएगी।

भाजपा 25 अप्रैल को प्रदेश स्तर पर टाउन हॉल कार्यक्रम आयोजित करेगी, जिसमें मुस्लिम स्कॉलर, मौलाना, शायर, दरगाहों और अल्पसंख्यक संस्थानों के संचालक, मुस्लिम उद्यमी, चिकित्सक, प्रोफेसर, खिलाड़ी और सोशल मीडिया से जुड़े प्रभावशाली लोग शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में वक्फ अधिनियम में हुए बदलावों की जरूरत और उसके लाभों पर खुली चर्चा की जाएगी।

इसके अलावा 28 और 29 अप्रैल को महानगर और जिला स्तर पर भी टाउन हॉल कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 26, 27 और 28 अप्रैल को भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर डोर-टू-डोर अभियान चलाएगी, जिसमें पत्रक बांटे जाएंगे और लोगों से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा।

महिला और युवा मोर्चा भी इस अभियान का हिस्सा होंगे। 30 अप्रैल और 01 मई को महिला मोर्चा द्वारा महिला सम्मेलन और सम्पर्क अभियान चलाया जाएगा, जिसका थीम होगा "गरीबों का हक सिर्फ गरीबों को मिलेगा"। इसी तरह 04 और 05 मई को युवा मोर्चा जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित करेगा और अल्पसंख्यक वर्ग के बीच जाकर अधिनियम के लाभ बताएगा।

दिलीप पटेल ने बताया कि 02 और 03 मई को नागरिक संवाद के कार्यक्रम भी होंगे, जिनमें अल्पसंख्यक समाज के लोगों से छोटी-छोटी बैठकों के माध्यम से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा 27 अप्रैल को प्रधानमंत्री के "मन की बात" कार्यक्रम के पश्चात भी पार्टी कार्यकर्ता अल्पसंख्यक समुदाय के बीच संपर्क अभियान चलाएंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है और इसके समर्पित कार्यकर्ता घर-घर जाकर वक्फ संशोधन अधिनियम की जानकारी पहुंचाएंगे। यह अभियान न केवल एक विधेयक को समझाने का माध्यम है, बल्कि यह अल्पसंख्यक समुदाय के साथ विश्वास का पुल बनाने की दिशा में एक ठोस प्रयास है।