नेशनल हेराल्ड घोटाले को लेकर रोहनिया में गरजा भाजपा युवा मोर्चा, गांधी परिवार का फूंका पुतला

 
वाराणसी। नेशनल हेराल्ड घोटाले को लेकर शनिवार को रोहनिया विधानसभा क्षेत्र में भाजपा युवा मोर्चा ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। चितईपुर चौराहे पर हुए इस प्रदर्शन की अगुवाई MLC एवं भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने की। इस मौके पर सोनिया गांधी और राहुल गांधी का पुतला फूंका गया और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। 

एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने नेशनल हेराल्ड को गरीबों का पैसा चुराने का एटीएम बना दिया है। उन्होंने कहा कि गरीबों का हक मारने वालों को अब जेल की सलाखों के पीछे जाना पड़ेगा। भाजपा भ्रष्टाचार के खिलाफ हर स्तर पर लड़ाई लड़ेगी और जनता के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रदर्शन में भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष अमन सोनकर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की भ्रष्ट नीतियों ने देश की आर्थिक व्यवस्था को खोखला किया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नेशनल हेराल्ड प्रकरण में गांधी परिवार ने जनता की भावनाओं के साथ विश्वासघात किया है।

इस विरोध प्रदर्शन में भाजपा युवा मोर्चा के जिला मंत्री विनोद पटेल, अश्वनी पांडेय, गौरव पटेल, जितेंद्र केशरी, गोपाल प्रधान, नागेंद्र गांधी, मंडल अध्यक्ष जयप्रकाश पटेल, गोपाल सिंह, प्रदीप प्रजापति, वीरेंद्र सिंह, सनी पटेल, विजय बिंद, संत लाल तिवारी, गोविंद दास गुप्ता, अनिल पांडे, कुलदीप पटेल, राजू प्रजापति, अजय विश्वकर्मा और रामचंद्र गौतम जैसे कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।