एसआईआर अभियान में भी चुनाव जैसा सामूहिक प्रयास करें कार्यकर्ता, बीजेपी प्रदेश महामंत्री धर्मपाल सिंह ने किया आह्वान, संगठन को दी कार्ययोजना

भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने बुधवार को वाराणसी जिले में चल रहे मतदाता गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर व्यापक संवाद किया। रोहनिया स्थित काशी क्षेत्र मुख्यालय और गुलाब बाग कार्यालय पर आयोजित चार चरणों की बैठकों में उन्होंने जनप्रतिनिधियों, मंडल अध्यक्षों, बीएलए-1, बीएलए-2, बूथ प्रवासियों, शक्ति केंद्र संयोजकों, पार्षदों तथा महानगर–जिला पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए अभियान को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।
 

वाराणसी। भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने बुधवार को वाराणसी जिले में चल रहे मतदाता गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर व्यापक संवाद किया। रोहनिया स्थित काशी क्षेत्र मुख्यालय और गुलाब बाग कार्यालय पर आयोजित चार चरणों की बैठकों में उन्होंने जनप्रतिनिधियों, मंडल अध्यक्षों, बीएलए-1, बीएलए-2, बूथ प्रवासियों, शक्ति केंद्र संयोजकों, पार्षदों तथा महानगर–जिला पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए अभियान को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि “एसआईआर अभियान को उतनी ही गंभीरता और सामूहिकता के साथ लागू करना होगा, जितनी चुनाव के समय बूथों पर दिखाई देती है।” उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह कार्य सिर्फ बीएलए-2, बूथ अध्यक्ष या बूथ प्रवासी का दायित्व नहीं, बल्कि पूरे संगठन, सभी पदाधिकारियों, नेताओं और कार्यकर्ताओं की साझा जिम्मेदारी है।

प्रतिदिन बूथ समीक्षा और टास्क फिक्स करने पर जोर
धर्मपाल सिंह ने निर्देश दिया कि प्रत्येक बूथ पर प्रतिदिन संवाद और कार्य समीक्षा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हर बूथ पर 2003 और 2025 की मतदाता सूची उपलब्ध हो तथा सभी मतदाताओं के न्यूमेरेशन फॉर्म सही ढंग से भरकर समय से बीएलओ को सौंपे जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “जब तक सभी फार्म जमा नहीं हो जाते, तब तक घर–घर जाकर दस्तक देते रहना होगा। यही संगठनात्मक सक्रियता की पहचान है।”

नवमतदाता जोड़ना प्राथमिकता
उन्होंने कहा कि एसआईआर अभियान का मकसद सिर्फ फॉर्म भरवाना नहीं, बल्कि नए पात्र मतदाताओं को जोड़ना प्राथमिक लक्ष्य होना चाहिए। साथ ही मृत, स्थानांतरित या फर्जी प्रविष्टियों को हटवाना तथा बूथवार सही मतदाता सूची तैयार रखना भी उतना ही जरूरी है।
उन्होंने कहा कि विचार परिवार के लोग बूथ स्तर पर रहते हैं, इसलिए उन्हें अभियान में सक्रिय करना बेहद आवश्यक है। “हम बड़े नेता तभी कहलाते हैं, जब अपने बूथ के हर मतदाता की जानकारी हमें हो।

मंडल अध्यक्षों को अद्यतन सूची रखने के निर्देश
धर्मपाल सिंह ने निर्देश दिया कि मंडल अध्यक्षों के पास प्रत्येक बूथ पर सक्रिय सभी पार्टी कार्यकर्ताओं की अद्यतन सूची उपलब्ध होनी चाहिए, ताकि कार्य की गति और समन्वय मजबूत रहे।

रोहनिया और गुलाब बाग में चार बैठकों के माध्यम से संवाद
प्रदेश महामंत्री (संगठन) ने बुधवार को रोहनिया मुख्यालय और गुलाब बाग कार्यालय पर चार अलग-अलग चरणों में प्रतिनिधियों से संवाद किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि एसआईआर अभियान को 100% सफलता दिलाने के लिए सक्रियता बढ़ाएँ और तय समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करें।

बैठक में बीजेपी के क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल, कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु, महापौर अशोक तिवारी, एमएलसी अश्विनी त्यागी, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, एमएलसी धर्मेंद्र राय और जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या मंचासीन रहे। वहीं क्षेत्र मंत्री राजेश राजभर, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरत्न राठी, जगदीश त्रिपाठी, पवन सिंह, अशोक पटेल, प्रवीण सिंह गौतम, अशोक जाटव, संजय सोनकर सहित सभी मंडल अध्यक्ष और बीएलए प्रथम उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अनिल श्रीवास्तव और धन्यवाद ज्ञापन महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने किया।