प्रधानमंत्री के सम्मान में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, कांग्रेस नेताओं के खिलाफ फूटा आक्रोश
वाराणसी। प्रधानमंत्री एवं काशी के सांसद नरेन्द्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी और उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के विरोध में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी महानगर एवं जिला इकाई की ओर से कचहरी स्थित जिला मुख्यालय पर विराट जन आक्रोश सभा का आयोजन किया गया। क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए।
सभा के दौरान जिला मुख्यालय परिसर "प्रधानमंत्री का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान", "भारत माता की जय", "वंदे मातरम्" और "हर-हर महादेव" जैसे नारों से गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ अपना विरोध जताया। तख्तियों पर "राहुल गांधी मुर्दाबाद", "अजय राय होश में आओ" और "प्रधानमंत्री का अपमान बंद करो" जैसे नारे लिखे हुए थे।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री के खिलाफ की गई कथित अमर्यादित टिप्पणियां लोकतांत्रिक मूल्यों और राजनीतिक शिष्टाचार के विरुद्ध हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जनसमर्थन खोने के बाद व्यक्तिगत टिप्पणियों और नकारात्मक राजनीति का सहारा ले रही है। भाजपा नेताओं ने कहा कि देश और काशी की जनता अपने लोकप्रिय सांसद एवं प्रधानमंत्री के सम्मान के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं करेगी।
वक्ताओं ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की वैश्विक प्रतिष्ठा, विकास और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है, जिससे विपक्षी दल असहज हैं। उन्होंने दावा किया कि जनता आगामी समय में ऐसे राजनीतिक व्यवहार का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी।
सभा को महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल, दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, महापौर अशोक तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, नीलकंठ तिवारी, विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह सहित कई जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी पदाधिकारियों ने संबोधित किया।
कार्यक्रम के अंत में भाजपा कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रहित और विकास के संकल्प को दोहराते हुए कांग्रेस की कथित नकारात्मक राजनीति के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाने का संकल्प लिया। बाद में जिला प्रशासन की ओर से पहुंचे एडीएम को ज्ञापन सौंपा गया।