आज काशी आएंगे भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, सीएम योगी-हिमंत के साथ करेंगे पहली जनसभा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बुधवार को दो दिवसीय दौरे पर काशी पहुंचेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका काशी का दूसरा दौरा होगा। इस दौरान वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व शर्मा के साथ पहली बार काशी में जनसभा को संबोधित करेंगे। साथ ही संगठन की तैयारियों और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर करीब आठ अलग-अलग बैठकों में हिस्सा लेंगे।
 

दो दिवसीय दौरे में आठ बैठकें, काशी विद्यापीठ में जेन जी से करेंगे संवाद

सेवा संकल्प बाइक यात्रा के समापन पर जगतपुर में 50 हजार लोगों की जनसभा, सांसद-विधायक और पूर्व जनप्रतिनिधियों से भी करेंगे मुलाकात

वाराणसी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बुधवार को दो दिवसीय दौरे पर काशी पहुंचेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका काशी का दूसरा दौरा होगा। इस दौरान वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व शर्मा के साथ पहली बार काशी में जनसभा को संबोधित करेंगे। साथ ही संगठन की तैयारियों और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर करीब आठ अलग-अलग बैठकों में हिस्सा लेंगे।

सेवा संकल्प बाइक यात्रा का होगा समापन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में निकाली गई सेवा संकल्प बाइक यात्रा का बुधवार को समापन होगा। वडनगर, गुजरात से काशी पहुंचने वाले बाइक यात्रियों का रोहनिया स्थित जगतपुर इंटर कॉलेज में स्वागत और सम्मान किया जाएगा। इंटर कॉलेज परिसर में दोपहर 2:30 बजे जनसभा आयोजित होगी। इसमें करीब 50 हजार लोगों के शामिल होने का अनुमान है। जनसभा में नितिन नवीन के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व शर्मा भी मौजूद रहेंगे।

सांसदों और विधायकों के साथ बैठक
जनसभा के बाद भाजपा अध्यक्ष गोकुल धाम जाएंगे। यहां पार्टी के प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद काशी क्षेत्र के सभी लोकसभा और राज्यसभा सांसदों के साथ बैठक होगी। विधायक और विधान परिषद सदस्यों से भी संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करेंगे। क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्र प्रभारी और क्षेत्रीय महामंत्री के साथ बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। एमएलसी प्रत्याशियों के साथ भी संवाद होगा। रात नौ बजे होटल ताज में उनके लिए भोजन की व्यवस्था की गई है। यहीं रात्रि विश्राम करेंगे।

बाबा विश्वनाथ के दर्शन के बाद जेन जी से संवाद
गुरुवार सुबह नितिन नवीन श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद होटल ताज में शहर के विशिष्टजनों, बुद्धिजीवियों और अन्य प्रमुख लोगों के साथ संवाद करेंगे। सुबह 10 बजे महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में जेन जी यानी युवा पीढ़ी से सीधा संवाद करेंगे। इसके बाद गोकुल धाम में पिछले तीन बार के जिला, क्षेत्र और प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक होगी। दोपहर भोजन के बाद पूर्व सांसदों और पूर्व विधायकों समेत पूर्व जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी और क्षेत्र पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठक में हिस्सा लेंगे।