बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन और सीएम योगी आदित्यनाथ ने बाबा विश्वनाथ का लिया आशीर्वाद, साथ में रहे दोनों डिप्टी सीएम, प्रदेश अध्यक्ष, मंत्री व विधायक
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र दौरे के क्रम में काशी पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर विधिवत दर्शन-पूजन किया। बाबा का जलाभिषेक और पूजन कर लोक कल्याण की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
भाजपा के शीर्ष नेताओं के इस दौरे को लेकर मंदिर परिसर में विशेष तैयारी की गई थी। पूजन-अर्चन के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से अनुष्ठान संपन्न हुआ। नेताओं ने प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि तथा जनकल्याण की कामना की।
इस अवसर पर केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री व प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी मौजूद रहे। उनके साथ उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या और ब्रजेश पाठक ने भी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके अलावा श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प एवं पंजीयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल, आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्रा दयालु, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी तथा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल भी इस दौरान उपस्थित रहे।
नेताओं के एक साथ दर्शन-पूजन करने से कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई।