भाजपा महानगर कार्यशाला में आगामी अभियानों की बनी रणनीति, टिफिन संग हुआ सामूहिक भोज
वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी महानगर इकाई की ओर से गुरुवार को गुलाब बाग स्थित महानगर कार्यालय में पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों एवं विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों की कार्यशाला आयोजित की गई। महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 जून से 21 जून तक चलने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। कार्यशाला के अंत में सभी पदाधिकारियों ने अपने घरों से लाए टिफिन के साथ सामूहिक भोजन भी किया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष विश्वास, विकास और जनकल्याण के रहे हैं। इन उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए महानगर में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का संसदीय क्षेत्र होने के कारण वाराणसी के कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्होंने सभी कार्यक्रमों में आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
महानगर प्रभारी एवं विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक ने आगामी अभियानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत प्रत्येक बूथ पर कम से कम एक पौधा लगाया जाएगा। इसके बाद 8 से 14 जून तक मंडल स्तर पर स्वच्छता अभियान, प्रगति पथ यात्रा और बुद्धिजीवी संपर्क अभियान चलाया जाएगा। 14 जून को प्रभारी मंत्री का कार्यक्रम आयोजित होगा, जबकि 14 से 16 जून तक स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे, जहां आयुष्मान कार्ड से वंचित लोगों के कार्ड बनाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 17 से 20 जून तक जिला स्तर पर प्रदर्शनी आयोजित होगी, जिसमें केंद्र सरकार के 12 वर्षों के विकास कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा। वहीं 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रत्येक मंडल में योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैठक में विभिन्न अभियानों की जिम्मेदारियां भी पदाधिकारियों को सौंपी गईं।
एक पेड़ मां के नाम अभियान की जिम्मेदारी अशोक यादव को, विशेष जनसंपर्क अभियान की जिम्मेदारी अभिषेक मिश्रा, मधुकर चित्रांश, आलोक श्रीवास्तव को, जन कल्याण शिविर एवं प्रदर्शनी चंद्रशेखर उपाध्याय एवं साधना वेदांती, विकसित भारत संकल्प सम्मेलन अशोक जाटव, विश्व योग दिवस राहुल सिंह, 14 जून को प्रेस वार्ता अशोक पाण्डेय, प्रमील पाण्डेय अभियान का संयोजक आत्मा विश्वेश्वर एवं सहसंयोजक मधुप सिंह एवं पंकज चतुर्वेदी को बनाया गया है। कार्यशाला में संचालन आत्मा विश्वेश्वर एवं धन्यवाद प्रकाश नवीन कपूर ने किया। सभी लोग अपने-अपने घरों से टिफिन लाए थे और एक साथ सामूहिक रूप से भोजन किया।
कार्यक्रम में महापौर अशोक तिवारी, राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार रविंद्र जायसवाल, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।