भाजपा जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष चुनाव: हर्षोल्लास के साथ नामांकन प्रक्रिया संपन्न, 168 दावेदार मैदान में

 
वाराणसी। भाजपा जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए गुरुवार को भारी गहमागहमी के बीच नामांकन प्रक्रिया पूरी हुई। रोहनिया स्थित क्षेत्रीय कार्यालय को जिलाध्यक्ष पद के नामांकन स्थल और गुलाब बाग स्थित महानगर कार्यालय को महानगर अध्यक्ष पद के नामांकन स्थल के रूप में तय किया गया था।

सुबह से ही भाजपा कार्यकर्ता अपने समर्थकों के साथ चुनाव स्थलों पर जुटने लगे। काशी क्षेत्र के पर्यवेक्षक और कन्नौज के पूर्व सांसद सुब्रत पाठक के मार्गदर्शन में, जिलाध्यक्ष पद के लिए चुनाव अधिकारी अशोक कटारिया ने दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक नामांकन पत्र स्वीकार किए। इस दौरान एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा और धर्मेंद राय ने उनका सहयोग किया।

महानगर अध्यक्ष पद के लिए चुनाव अधिकारी पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने गुलाब बाग कार्यालय में नामांकन पत्र स्वीकार किए। इसमें महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय और सह चुनाव अधिकारी जे.पी. सिंह और निर्मला पटेल ने उनका सहयोग किया।

नामांकन संख्या और दावेदार

जिलाध्यक्ष पद के लिए कुल 90 नामांकन दाखिल किए गए। प्रमुख दावेदारों में सुरेश सिंह, प्रवीण सिंह गौतम, संजय सोनकर, अरविंद पटेल, वीरू सिंह, अखंड प्रताप सिंह, पवन सिंह, दिनेश मौर्या, अपराजिता सोनकर, और सुनीता सिंह शामिल हैं।

महानगर अध्यक्ष पद के लिए कुल 78 नामांकन हुए। इसमें अशोक चौरसिया, नवरतन राठी, नवीन कपूर, जगदीश त्रिपाठी, अशोक पटेल, अभिषेक मिश्रा, वैभव कपूर, राकेश शर्मा, अमित राय, राजेश त्रिवेदी, आत्माविशेश्वर, और हरि केशरी जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं।

प्रदेश परिषद पद के लिए नामांकन

महानगर से प्रदेश परिषद सदस्य पद के लिए अजय सिंह, चंद्र विजय सिंह, प्रमोद यादव, नंदलाल चौहान, और किशोर कुमार पांडे ने नामांकन दाखिल किया। वहीं, जिले से तीन अन्य उम्मीदवारों ने भी प्रदेश परिषद के लिए नामांकन किया।

नामांकन प्रक्रिया के दौरान पार्टी कार्यालयों पर उत्सव जैसा माहौल दिखा। समर्थकों के साथ पहुंचे प्रत्याशियों ने बाजे-गाजे और नारेबाजी से माहौल को जोश से भर दिया। अब नामांकन पत्रों की जांच के बाद अगले चरण की प्रक्रिया शुरू होगी।