भाजपा चंदौली लोकसभा प्रत्याशी महेंद्र नाथ पांडेय ने भ्रष्टाचार मामले पर इंडी गठबंधन को घेरा, कहा - इंडी गठबंधन के भ्रष्टाचार को देश देख रहा है

 
वाराणसी। केंद्रीय मंत्री व भाजपा चंदौली लोकसभा प्रत्याशी महेंद्र नाथ पांडेय ने भ्रष्टाचार के मामले पर इंडी गठबंधन को घेरा है। उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन के भ्रष्टाचार को देश देख रहा है। दिल्ली के रामलीला मैदान में भ्रष्टाचारियों की रैली हुई। जिसमें सभी भ्रष्टाचारी इकठ्ठा हुए। 

महेंद्र नाथ पाण्डेय ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ पीएम मोदी की लड़ाई रुकने वाली नहीं है। देश आज जान गया है कि कौन भ्रष्ट है और कौन महान है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भ्रष्टाचार के मामले में जेल में हैं। इतिहास में अब तक केजरीवाल सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री हैं। 

केंद्रीय मंत्री ने आगे का कि देश में एक बार फिर भारी बहुमत से केंद्र में पीएम मोदी के नेतृत्व में बीजेपी की सरकार बनने जा रही है। यूपी में आज कानून का राज है। सब संगठित अपराध समाप्त हो रहा है। बीजेपी एक बार फिर यूपी की 80 सीटों पर कमल खिलाने जा रही है। पूर्वांचल की बाकी सीटों पर जल्द ही जिताऊ उम्मीदवारों की घोषणा की जाएगी।